पूर्वोत्तर और उत्तर रेलवे की रविवार को हुई ग्रुप डी लिखित परीक्षा में एक बार फिर मुन्ना भाइयों ने सेंध लगाने की कोशिश की है। लखनऊ में अलग-अलग परीक्षा केंद्रों पर कुल पांच युवकों को दूसरे की जगह परीक्षा देते पकड़ा गया है।
इनमें से तीन को पुलिस के हवाले कर दिया गया है। मुन्ना भाइयों में से एक अपने अंगूठे पर असली अभ्यर्थी के अंगूठे के निशान वाली खाल चिपकाए पकड़ा गया है।
बायोमेट्रिक जांच से बचने के लिए उसने यह कारस्तानी की थी। इससे पहले नौ नवंबर को हुई परीक्षा में भी एक मुन्ना भाई अंगूठे पर नकली खाल चिपकाए पकड़ा गया था। उस परीक्षा में भी पांच मुन्ना भाई पकड़े गए थे।
पूर्वोत्तर रेलवे की ग्रुप डी परीक्षा के लिए राजधानी में 101837 अभ्यर्थियों के लिए 49 केंद्र बनाए गए थे। वहीं, उत्तर रेलवे ग्रुप डी की परीक्षा में 59136 अभ्यर्थियों के लिए 63 केंद्र बनाए गए थे।
अंगूठे पर चिपकाई थी नकली खाल
उत्तर रेलवे की एक पाली में होने वाली परीक्षा में सुबह गुरुनानक गर्ल्स डिग्री कॉलेज में अभ्यर्थी सुजीत कुमार और चंदन कुमार यादव को शामिल होना था।
सुजीत कुमार के स्थान पर नालंदा बिहार का राकेश कुमार बायें हाथ में अंगूठे के निशान वाली नकली खाल चिपकाए हुए पकड़ा गया। वहीं, चंदन कुमार यादव की जगह मधुबनी बिहार का किशोर कुमार भारती परीक्षा देने आया था।
दोनों को पकड़कर नाका पुलिस के हवाले किया गया है। चिनहट के कमता स्थित बास्को इंटर कॉलेज में अभ्यर्थी रौशन कुमार की जगह परीक्षा देते हुए बिहार का सुनील कुमार पकड़ा गया।
उधर, श्यामाचरन इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर भी सुभाष सिन्हा और चंदन कुमार की जगह परीक्षा देने आए दो अन्य युवक रेलवे पर्यवेक्षकों के हत्थे चढ़े।
हालांकि इन दोनों के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं हो सका। रायबरेली रोड स्थित आवासीय पब्लिक इंटर कॉलेज में परीक्षा में नकल करते हुए तीन अभ्यर्थी पकड़े गए।
ऐसे काम करता है ये गिरोह
रेलवे भर्ती सेल की ग्रुप डी की परीक्षा में मुन्ना भाइयों का सिंडिकेट बिहार से संचालित हो रहा है। दरअसल उत्तर क्षेत्र के परीक्षर्थियों को दिल्ली और पूर्वोत्तर क्षेत्र के अभ्यर्थियों का सेंटर लखनऊ बनाया गया है।
यहां सिंडिकेट चलाने वाले असली अभ्यर्थी की जगह खुद शामिल हो रहे हैं। अभ्यर्थी अपने अंगूठे के निशान जैसी प्लास्टिक की खाल तैयार कर इन मुन्ना भाइयों को देते हैं। मुन्ना भाई इसे बायोमेट्रिक जांच के समय अपने अंगूठे पर लगा लेते हैं। परीक्षा के एवज में वे एक अभ्यर्थी से ये 20 से 25 हजार रुपये तक वसूलते हैं।
रेलवे ने मुन्ना भाइयों को पकड़ने के लिए पर्यवेक्षकों को 200 रुपये का इनाम देने की तैयारी की है। उत्तर रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ की परीक्षा दिलाने का जिम्मा निभा रहे सीनियर डीपीओ जनार्दन सिंह ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पांचवें और अंतिम चरण की परीक्षा 30 नवंबर को होगी। इस दिन विशेष सतर्कता बरती जाएगी।