हजरतगंज के शाहनजफ रोड स्थित रीयल एस्टेट कंपनी ने चार लोगों को फ्लैट दिलाने के नाम ठगी की। शुक्रवार को हजरतगंज थाने में ट्रैवेल्स कारोबारी की पत्नी ने कंपनी के मालिक के खिलाफ जालसाजी की तहरीर दी।
इंस्पेक्टर आनंद कुमार शाही ने बताया कि कंपनी के मालिक समेत चार अधिकारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोप है कि बिल्डर ने 11 साल पहले फ्लैट की बुकिंग की थी, लेकिन कब्जा नहीं मिला।
इंस्पेक्टर के मुताबिक, विकासनगर सेक्टर-चार निवासी विवेक पांडेय ट्रैवल्स ट्रेड एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष हैं। उन्होंने बताया कि शाहनजफ रोड स्थित राधे कृष्णा मार्केटिंग प्राइवेट लिमिटेड ने वर्ष 2007 में हरदोई रोड पर फ्लैट निर्माण शुरू कराया।
इसके लिए उनकी पत्नी जाग्रति पांडेय ने बुकिंग कराई। साथ ही उनके परिचित समीर मित्तल, मनीष अग्रवाल, मयंक गोयल सहित आठ लोगों ने भी फ्लैट की बुकिंग कराई। इसके बाद कंपनी के मालिक आरके गुप्ता, डायरेक्टर सीमा यादव व कंपनी की अधिकारी हिना व फातिमा को 20.80 लाख रुपये दिए थे।
इसके अलावा अन्य साथियों ने 20-20 लाख रुपये जमा कराये। कंपनी के मालिक व अधिकारियों ने दो साल में फ्लैट तैयार करने का दावा किया था। लेकिन 2013 तक फ्लैट नहीं दिया। इसके बाद से ही कंपनी के अधिकारियों बुकिंग के लिए दिए गए रकम वापस करने की मांग की। इस पर अधिकारी धमकाने लगे।