समाज सेवी संस्था आली में घुसकर तोड़फोड़, लूट व कर्मचारियों के अपहरण के मामले में आरोपी बसपा नेता व उसके बेटे को फरार घोषित कर दिया गया है।
पुलिस वारदात के बाद से दोनों की तलाश में है, लेकिन उनका पता नहीं चल रहा है। विवेचक की अर्जी पर एसीजेएम कमलापति ने दोनों के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
महानगर थाने के विवेचक ने कोर्ट में अर्जी देकर बताया कि आशीष शुक्ला व आकर्ष शुक्ला काफी तलाश के बाद भी पकड़ में नहीं आ रहे हैं।
कोर्ट ने भी 7 नवंबर को दोनों की गिरफ्तारी के वारंट जारी किया था। इसके बाद सभी संभावित जगहों पर दबिश दी गई लेकिन दोनों हत्थे नहीं चढ़े।
साथ ही विवेचक ने बताया कि आरोपी अपनी चल व अचल संपत्ति बटोरने का भी प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में उनके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की जाए।
इस पर कोर्ट ने आरोपियों को फरार घोषित करते हुए कुर्की की कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
आरोप है कि दोनों ने 27 अक्तूबर को अपने साथियों के साथ महानगर स्थित आली संस्था में कार्य करने वाली दो महिलाओं का अपहरण किया और धमकाने के साथ ही मोबाइल छीन लिया।
इस मामले की रिपोर्ट महानगर में दर्ज कराई गई थी। घटना के बाद से ही आशीष शुक्ला व आकर्ष शुक्ला फरार चल रहे हैं। जबकि आशीष की पत्नी उमा शुक्ला की ओर से कोर्ट में आत्मसमर्पण की अर्जी दी गई है।