दिवाली पर प्रॉपर्टी के लालच में एक व्यक्ति ने पिता की समाधि पर दीप जलाने गए अपने सगे भाई की ईंट से कूंचकर हत्या कर दी और शव को मोहल्ले के पास बनिया बाग के एक खाली प्लॉट में पेड़ के नीचे फेंक दिया।
सोमवार को सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू की। मृतक के सिर व चेहरे पर चोट के कई निशान मिले। पुलिस को शव के पास से खून से सनी ईंट भी मिली।
मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने भाई व उसके चार साथियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा पंजीकृत कर आरोपी भाई व उसके एक दोस्त को दबोच लिया है। अन्य की तलाश में दबिश दी जा रही है।
पुलिस की मानें तो आरोपी ने कुबूला कि बड़ा भाई उसकी प्रॉपर्टी हड़पना चाहता था। मां की दिमागी हालत ठीक नहीं है। वह भी उसका ही साथ दे रही हैं।
पुलिस ने एक राहगीर की सूचना पर खाली प्लॉट में नीम के पेड़ के नीचे खून से लथपथ पड़ा शव बरामद किया। ईंट से कूंचकर उसकी हत्या की गई थी। शव के पास से पुलिस ने खून से सनी दो ईंटें भी बरामद कीं।
सूचना पर न्यू हैदरगंज निवासी सीता ने शव की पहचान अपने पति नौमीलाल के रूप में की। उसने बताया कि नौमी दिवाली की शाम पिता की समाधि पर दीप जलाने के लिए घर से निकले थे। तभी से घर नहीं लौटे।
पत्नी ने आरोप लगाया कि देर शाम उनका देवर राजकुमार अपने दोस्तों के साथ घर आकर भाई नौमी लाल के बारे में पूछ रहा था और राजकुमार ने ही अपने साथियों के साथ मिलकर नौमी लाल की हत्या की है।
पुलिस ने पंचनामा कर शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और सीता की तहरीर पर राजकुमार, उसके साथी कनक सिटी निवासी मुलायम, सुजीत व मोहित लोधी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली।
मंगलवार सुबह पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर राजकुमार और उसके दोस्त मुलायम को दबोच लिया। पकड़े गए राजकुमार ने अपना गुनाह कुबूलते हुए बताया कि प्रॉपर्टी हड़पने की आशंका पर बड़े भाई का कत्ल किया।
हत्या की वजह
सब्जी का ठेला लगाकर अपना और बच्चों का भरण पोषण करने वाला नौमीलाल अपनी पत्नी सीता, साहिल (12), अंशी (9) व मानसी (7) के साथ न्यू हैदरगंज कैम्पवेल रोड पर रहता था।
नौमी केपिता नत्थादास मंदिर के पुजारी थे। उनका कुछ दिनों पूर्व देहावसान हो चुका है। नत्था ने उन्नाव में औरास के भुरकुडी गांव में साढ़े तीन बीघा जमीन और ठाकुरगंज में दो प्लॉट समेत लाखों की प्रॉपर्टी बनाई थी।
नत्था के मरणोपरांत उनकी पत्नी रामकली अपने बड़े बेटे नौमीलाल के साथ रहने लगी।
आरोपी राजकुमार का कहना है कि उसकी मां का मानसिक संतुलन ठीक नहीं है। नौमीलाल मां को बहलाकर सारी प्रॉपर्टी अपने नाम करा लेगा। प्रॉपर्टी को लेकर कई बार दोनों भाइयों में विवाद भी हो चुका है।