लखनऊ में फन मॉल के पास नशे में धुत तीन रसूखदारों ने बृहस्पतिवार रात जमकर उत्पात मचाया। सिपाही ने पकड़ने की कोशिश की तो उसे अपनी कार से कुचलने की कोशिश की।
पुलिस ने एक आरोपी बहराइच निवासी दुर्गविजय सिंह को पकड़ लिया है। सिपाही विजय सिंह के अनुसार दुर्गविजय खुद को सीएम के ओएसडी का भांजा बता रहा है। उसके पास लाइसेंसी असलहा मिला है।
रात करीब 11 बजे कार से आए तीन युवकों ने फन के सामने स्थित ओवरब्रिज के नीचे एक दुकानदार से लेकर आइसक्रीम खाई और बिना रुपये दिए जाने लगे। दुकानदार ने टोका तो गालियां देते हुए भगा दिया।
आइसक्रीम दुकानदार ने फन मॉल चौकी में शिकायत की। सिपाही विजय सिंह ने बाइक से पीछा किया तो उस पर कार चढ़ाने की कोशिश की। इस बीच कार असंतुलित होकर रूकी तो विजय सिंह ने दुर्गविजय को दबोच लिया। बाकी दो फरार हो गए। सिपाही ने केस दर्ज कराने की बात कही है।