फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फर्जी लाल-नीली बत्ती की 41 गाड़ियों का चालान

Sun, 29 Dec 2013 01:42 AM IST
संजय त्रिपाठी/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
पुलिस ने फर्जी तरीके से लाल-नीली बत्ती व शीशों पर काली फिल्म वाली गाड़ियों के खिलाफ शनिवार को पॉलीटेक्निक चौराहे और डालीगंज पुल चौराहे पर सिर्फ दो घंटे के अभियान में 41 गाड़ियां पकड़ी जो फर्जी लाल-नीली बत्ती लगाकर चल रहीं थीं।
विज्ञापन


कई अफसरों के रिश्तेदार भी अपनी कार पर नीली बत्ती लगाकर फर्राटा भर रहे थे तो अनेक रसूखदारों की गाड़ियों के शीशे काले थे। गाड़ी रोकने के इशारे से ही रसूखदारों की भृकुटी तन गई और चालान होते देख भड़क गए।

पुलिसकर्मियों को वर्दी उतरवाने की धमकी देने का सिलसिला चला लेकिन पुलिस ने अपना अभियान जारी रखा।
एसपी ट्रांसगोमती के नेतृत्व में सीओ गोमतीनगर, सीओ गाजीपुर, सीओ महानगर व सीओ अलीगंज ने सात थानों की टीम के साथ दोपहर 12:30 बजे पॉलीटेक्निक चौराहे पर घेराबंदी करके फर्जी लाल-नीली बत्ती व शीशे पर काली फिल्म वाली गाड़ियों की धरपकड़ शुरू की।
विज्ञापन


यहां नीली बत्ती व काले शीशे वाली बिना नंबर की टाटा सफारी रोकी गई तो कांस्टेबल को रौब में लेते हुए चालक बोला कि डिप्टी रजिस्ट्रार रामकिशोर वर्मा की गाड़ी है।

उसने अपने साहब से मोबाइल पर बात कराने की भी कोशिश की। इस बीच पुलिस टीम काली फिल्म खुरचने में जुट गई। नीली बत्ती भी उतार कर चालान थमा दिया गया।

पुलिस टीम ने काली फिल्म वाली आई-10 कार रोकी तो उसमें से उतरे दो रसूखदारों ने एसआई धनेश कुमार को आड़े हाथों ले लिया। पहले तो डीजीपी से बात करने का आदेश देते हुए दरोगा को अपना मोबाइल थमाने की कोशिश की।

बात न बनने पर चेकिंग कर रही पुलिस टीम की अपने मोबाइल से क्लिप बनाई और खुद को कपूरथला निवासी पंकज शर्मा और अविरल वर्मा बताते हुए वर्दी उतरवाने की धमकी देने लगे।

सपा नेता आफताब कुरैशी की गाड़ी रोकी गई तो ड्राइवर अनुज त्रिपाठी भड़क उठा। मीडिया को देख तेवर ढीले पड़े और अपने मालिक का नंबर डायल करके सीओ से बात कराने की कोशिश की।

इस बीच फिल्म उतारने के साथ चालान काटा जा चुका था। नोकझोंक के बीच पुलिस ने 31 गाड़ियों से लाल-नीली बत्ती व 91 गाड़ियों से काली फिल्म उतारी। इसके अलावा 106 अन्य वाहनों के चालान करके 23 सौ रुपये शमन शुल्क वसूला।

एसपी सिटी पश्चिम ने सीओ बाजार खाला व नाका, अमीनाबाद, ठाकुरगंज, बाजार खाला, थाने की टीम लेकर दोपहर ढाई बजे डालीगंज पुल चौराहे पर घेराबंदी की।

यहां दो न्यायिक अधिकारियों की निजी कार पर नीली बत्ती लगी मिली। काली फिल्म व नीली बत्ती की एक कार से उतरे युवक ने खुद को मिर्जापुर के कमिश्नर का भतीजा बताया।
विज्ञापन


पुलिस ने फिल्म व बत्ती उतारने के साथ चालान काटा। इसी तरह पीलीभीत के एसडीएम की निजी कार से नीली बत्ती उतार कर चालान किया गया।

तीन पुलिसकर्मियों की भी गाड़ी से काली फिल्म उतारी गई। दो घंटे के अभियान में पुलिस ने सात गाड़ियों से नीली और तीन से लालबत्ती उतारी।

55 गाड़ियों से काली फिल्म उतार कर चालान किया गया। इस दौरान अनेक रसूखदारों ने गाड़ी रोकने वाले सिपाही को अर्दब में लेने की कोशिश की।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें