सीतापुर जिले के मछरेहटा थाना इलाके में बेखौफ चोरों ने एचडीएफसी बैंक के एटीएम को निशाना बनाया। सोमवार देर रात बीहट बीरम गांव में लगे एटीएम का शटर चोरों ने पहले गैस कटर काटा। फिर अंदर पहुंचकर मशीन काटी और उसमें रखी 15 लाख की नकदी चुरा ले गए।
सुबह ग्रामीणों ने एटीएम का नजारा देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने डॉग स्क्वायड व फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। एसपी एलआर कुमार ने गांव पहुंचकर पड़ताल के बाद जल्द खुलासे के निर्देश मातहतों को दिए हैं।
थाना क्षेत्र मछरेहटा अंतर्गत बीहट बीरम गांव में एचडीएफसी बैंक शाखा व एटीएम है। इस एटीएम पर गार्ड की तैनाती नहीं होने से रात को शटर बंद कर दिया जाता है। सोमवार देर रात बेखौफ चोरों ने एटीएम को निशाना बनाया। गैस कटर से चोरों ने पहले शटर उसके बाद में एटीएम मशीन काट डाली, फिर उसमें मौजूद 15 लाख रुपये की नकदी उठा ले गए।
मंगलवार की सुबह ग्रामीण एटीएम का नजारा देख दंग रह गए। पुलिस को सूचना दी गई। एसओ संजीव कुमार आला अफसरों को सूचित करते हुए मौके पर पहुंच गए। फॉरेंसिक व डॉग स्क्वायड टीम ने पहुंचकर साक्ष्य जुटाने की कवायद शुरू कर दी।
पुलिस अधीक्षक एलआर कुमार, एएसपी महेन्द्र चौहान, सीओ सिटी योगेन्द्र सिंह ने गांव पहुंचकर पड़ताल की। एसपी ने मातहतों को जल्द खुलासे के निर्देश दिए हैं।