पैतृक संपत्ति पर कब्जे को लेकर रविवार की शाम सात बजे चितविश्राव गांव में दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। जिसमें एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के एक युवक को घेर कर मिट्टी का तेल छिड़कते हुए उसे जला दिया।
जानकारी होने पर जब तक उसके परिवारीजन मौके पर पहुंचते तब तक युवक गंभीर रूप से जल चुका था। यह नजारा देख गुस्साए दूसरे पक्ष के लोगों ने जिंदा जलाने वालों पर हमला कर दिया।
जिसमें दोनों पक्षों के छह लोग बुरी तरह जख्मी हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने समस्त घायलों को सीएचसी अहरौरा भिजवाया। स्थिति गंभीर होने पर सभी को वाराणसी रेफर कर दिया गया।
अहरौरा थाना क्षेत्र के मोहरपुर गांव निवासी जटाशंकर व भगौती देई गांव निवासी सभापति सिंह के बीच पैतृक भूमि पर कब्जे को लेकर काफी दिनों से विवाद चला आ रहा था।
रविवार की शाम करीब पांच बजे रामगोपाल पुत्र सभापति अहरौरा क्षेत्र के चितविश्राव गांव स्थित विवादित भूमि पर बोल्डर से नींव भरवा रहा था। जिसकी जानकारी होने पर पहुंचे दूसरे पक्ष के लोगों ने नींव भरने पर आपत्ति जताई।