मानकनगर थानाक्षेत्र में सोमवार को दो टप्पेबाजों ने एक बुजुर्ग महिला को अपनी बातों में उलझाकर सोने की चेन, अंगुठियां समेत डेढ़ लाख रुपये के जेवर उतरवा लिए। जेवरों की पोटली और साढ़े छह हजार रुपये से भरा पर्स लेकर भाग गए। बुजुर्ग महिला की सूचना पर पुलिस टप्पेबाजों की तलाश कर रही है।
गोसईंगंज के परहेटा गांव निवासी शशि शुक्ला (70) का पारा के बादलखेड़ा गांव में भी मकान है, जिसे उन्होंने किराए पर दे रखा है। वह सोमवार को टैंपो से अपने किरायेदारों से होली मिलने गई थीं। दोपहर में घर लौट रही थीं।
अवध चौराहे पर एक टैंपो से उतरने के बाद गोसाईंगंज जाने के लिए दूसरे टैंपो की तलाश कर रही थी। पैदल कुछ दूर बढ़ी ही थी तभी एक युवक ने उनसे पता पूछा। शशि शुक्ला ने उसकी बातों को अनसुना कर दिया लेकिन फिर भी वह उनके पीछे पड़ गया। थक जाने की वजह से शशि शुक्ला वहां डिवाइडर पर जाकर बैठ गईं।
मदद के बहाने युवक भी उनके बगल में बैठ गया। इसी बीच उसका साथी आया और उसने कहा कि ‘चौराहे पर लूट हो गई है। आगे बड़ा बवाल चल रहा है। पुलिस वाले भी चेकिंग कर रहे हैं।’
धोखे से दूसरी पोटली उसके हाथ में थमा भाग गए
इसके बाद टप्पेबाजों ने शशि शुक्ला से जेवर उतारकर पर्स में रख लेने की बात कही। शशि उनकी बातों में आ गईं और गले में पड़ी सोने की चेन, सोने की दो अंगुठियां, चांदी की दो अंगुठियां समेत लगभग डेढ़ लाख रुपये के जेवर उतार दिए।
टप्पेबाजों ने उनसे जेवर लेकर पॉलिथीन में रखकर गांठ मार दी। धोखे से इसी तरह की दूसरी पोटली उनके हाथ में थमा दी। थकी होने की बात कहकर पानी की बोतल दी और थोड़ी देर आंख बंद करके सुस्ता लेने को कहा।
जब शशि शुक्ला ने आंखें खोलीं तो दोनों टप्पेबाज जेवरों से भरी पोटली और साढ़े छह हजार रुपये से भरा पर्स लेकर नदारद हो चुके थे। बुजुर्ग महिला ने आस-पास उनकी तलाश की लेकिन वह कहीं नहीं दिखे।
इसके बाद शशि शुक्ला ने पुलिस कंट्रोल रूम पर इसकी सूचना दी। पुलिस कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की लेकिन टप्पेबाजों के बारे में कोई सुराग उनके हाथ नहीं लग सका।
खंगाली जा रही सीसीटीवी की फुटेज
एसओ मानकनगर वकील अहमद ने बताया कि अवध चौराहे के पास कई सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, जिनकी फुटेज खंगाली जा रही है। कई कैमरों में उनकी तस्वीरें दिखी हैं। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हैं। उनकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है।