फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लखनऊ : गोली मारकर हत्या को बिजली गिरने से हुई मौत बताने वाले पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज, थानाध्यक्ष निलंबित

Thu, 26 Aug 2021 10:06 PM IST
ishwar ashish न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ

सार

माल इलाके के अटारी गांव निवासी बुजुर्ग अनाज कारोबारी तेज नारायण त्रिवेदी (62) की मंगलवार देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पर पुलिस इसे बिजली गिरने से हुई मौत बताती रही। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली मारे जाने की पुष्टि होने से पुलिस की थ्योरी गलत साबित हुई।
विज्ञापन
तेज नारायण (फाइल फोटो) - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

लखनऊ में माल के अटारी गांव निवासी अनाज कारोबारी व अयोध्या में तैनात दरोगा द्रवेश त्रिवेदी के पिता तेज नारायण त्रिवेदी (62) की मंगलवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्याकांड को बिजली गिरने से हादसा बताने पर तुले माल थानाध्यक्ष राम सिंह को बृहस्पतिवार को आईजी रेंज लक्ष्मी सिंह ने निलंबित कर दिया।

विज्ञापन


वहीं, एसपी ग्रामीण हृदयेश कुमार और सीओ मलिहाबाद नवीना शुक्ला से स्पष्टीकरण मांगा है। मौके पर गए इन दोनों अफसरों ने उच्चाधिकारियों को गुमराह किया। आईजी के आदेश के बाद एसपी ग्रामीण के कार्यालय से एक विज्ञप्ति जारी की गई। इसमें गोली मारने की बात लिखी गई थी। आईजी ने हत्याकांड का जल्द खुलासा करने का निर्देश दिया है।

मालूम हो कि बुधवार देर शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बुजुर्ग तेज नारायण के माथे पर आंख के पास और बांह पर गोली लगने की पुष्टि हुई थी। पुलिस ने मुकदमा तो दर्ज कर लिया, लेकिन तर्क नहीं बदला। इस खबर को अमर उजाला ने ‘दरोगा के पिता की हत्या को पुलिस ने बता दिया बिजली गिरने से मौत’ शीर्षक से प्रमुखता से प्रकाशित किया। बृहस्पतिवार को इसकी जानकारी के बाद आईजी रेंज लक्ष्मी सिंह ने एसपी ग्रामीण हृदयेश कुमार से सवाल-जवाब किया। इसके बाद थानाध्यक्ष माल राम सिंह को तत्काल निलंबित करने का आदेश जारी किया।

विज्ञापन
विज्ञापन

दो दिन, दो बयान

हत्याकांड में एसपी ग्रामीण कार्यालय से दो दिन में दो बयान जारी किए गए। बुधवार को जारी बयान में कहा गया था कि मंगलवार रात करीब एक बजे तेज नारायण घर के बाहर बने पोर्च में मच्छरदानी लगाकर सो रहे थे। अज्ञात लोगों ने उन्हें गोली मार दी। सूचना पर थानाध्यक्ष माल मौके पर पहुंचे। बातचीत में कुछ लोगों ने थानाध्यक्ष को बताया कि बिजली गिरने से वृद्ध की मृत्यु हुई है। बृहस्पतिवार सुबह मृतक के बेटे प्रवेश ने तहरीर दी, जिसमें लिखा कि अज्ञात लोगों ने गोली मारकर उनके पिता की हत्या कर दी। परिवार की सूचना पर हत्या का केस दर्ज कर लिया गया।

वहीं, बृहस्पतिवार को एक बयान जारी किया गया जिसमें कहा गया कि 25 अगस्त को तेज नारायण की अज्ञात लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी और थानाध्यक्ष माल द्वारा तेज नारायण की मृत्यु बिजली गिरने से होना बताया गया। जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण गोली लगना पाया गया। थानाध्यक्ष माल द्वारा उच्चाधिकारियों को भ्रमित करते हुए घटना की गलत सूचना दी गई। इससे भ्रम की स्थिति उत्पन्न हुई। साथ ही इसी विज्ञप्ति में थानाध्यक्ष माल को कर्तव्यों के प्रति लापरवाही बरतने पर निलंबित करने की बात भी थी।

सुलगते सवाल
- थानाध्यक्ष ने शव देखे बिना पंचनामा कैसे भरवा दिया?
- पंचनामा भरने वाले पुलिसकर्मियों ने चोट के निशान का जिक्र क्यों नहीं किया?
- थानाध्यक्ष मौके पर गए, पर परिवारीजनों की बात पर भरोसा क्यों नहीं किया?
- आखिर किसने बिजली गिरने से मौत की बात एसओ को बताई?
- सीओ मलिहाबाद और एसपी ग्रामीण को क्या गोली की बात नहीं मालूम थी?
- विज्ञप्ति जारी करने में इतनी जल्दबाजी क्यों?
- पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार क्यों नहीं किया गया?

जानिए क्या था मामला
तेज नारायण मंगलवार रात बरामदे में मच्छरदानी लगाकर सोए थे। रात करीब एक बजे दो गोली चलने की आवाज सुनकर परिवारीजन बाहर आए तो देखा कि बरामदे की लाइट व पंखा बंद था। चारपाई पर तेज नारायण खून से लथपथ पड़े थे। पुलिस को सूचना दी गई और वृद्ध को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनकी मौत हो गई। मौके पर पहुंचे एसओ माल राम सिंह ने पड़ताल के बाद अधिकारियों को बताया कि बिजली गिरने से वृद्ध की मौत हुई है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें