पश्चिम बंगाल के कोलकाता में हत्या कर पांच किलो से ज्यादा सोना लेकर भागे तीन आरोपियों को यूपी एटीएस ने आगरा से गिरफ्तार कर लिया है। एटीएस को इनके पास से पांच गोल्ड बार (5 किग्रा), 1 गोल्ड बिस्किट (100 ग्राम) सहित कुल 5100 ग्राम सोना बरामद हुआ है।
बरामद हुए सोने की बाजार कीमत करीब 2 करोड़ 80 लाख 50 हजार रुपये है। आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं। इन आरोपियों को कोलकाता पुलिस को सौंप दिया गया है।
यूपी एटीएस को सूचना मिली थी कि शिवटोला स्ट्रीट, कोलकाता में 61 वर्षीय व्यक्ति की हत्या कर व सोना लूट कर आरोपी उत्तर प्रदेश की तरफ रवाना हो गए थे।
मामले की तहकीकात करने पर आरोपियों की मौजूदगी आगरा के थाना-फतेहाबाद क्षेत्र में बस स्टैंड के पास मिली। जिस पर कार्रवाई करते हुए एटीएस फील्ड यूनिट आगरा, अलीगढ़ और कोलकाता पुलिस ने आरोपियों को लूटे गए माल के साथ गिरफ्तार कर लिया और उन्हें कोलकाता पुलिस के सुपुर्द कर दिया।