गाजीपुर थाना क्षेत्र के मारुतिपुरम में एक रिटायर्ड डिप्टी एसपी की पुत्रवधू ने सोमवार सुबह पति के लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली।
सास से झगड़े के बाद कमरा भीतर से बंद करके एक हवाई फायर किया। इसके बाद सुसाइड नोट लिखा और रिवॉल्वर थामकर बैठी थी कि इस बीच पुलिस की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा गया तो उसने माथे पर गोली मार ली।
पुलिस के मुताबिक, मारुतिपुरम स्थित दुमंजिले मकान रहने वाले रिटायर्ड डिप्टी एसपी विश्वपाल सिंह की पुत्रवधू निधि सिंह (36) ने आज सुबह सवा दस बजे अपने पति के लाइसेंसी रिवॉल्वर से माथे पर गोली मार ली।
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। संजीव ने पुलिस को बताया कि घर के प्रथम तल पर उसके पिता विश्वपाल सिंह व मां बीना सिंह रहती हैं, जबकि भूतल पर वह अपनी पत्नी निधि व बेटे सूर्यांश के साथ रह रहा था। रोजाना की तरह आज सुबह सूर्यांश स्कूल चला गया था।
इसके बाद निजी काम करने वाला संजीव अपने कमरे में नाश्ता कर रहा था और निधि किचन में नाश्ता तैयार कर ही थी।
गुरुपूर्णिमा के मौके पर माता-पिता कथा की तैयारी में जुटे थे। उन्होंने नौकर मुन्ना को केले के पत्ते लेने के लिए भेजा था। कथा के लिए प्रसाद तैयार कर रही मां से कोई बर्तन गिर गया।
तेज शोर से झुंझलाई निधि ने आपत्ति जताई। संजीव के नजरअंदाज करने पर उसने करछुल से अपने किचन का दरवाजा पीटकर शोर मचाना शुरू कर दिया। संजीव के डांटने पर निधि बड़बड़ाते हुए अपने कमरे में गई और दरवाजा भीतर से बंद कर लिया।
इसके थोड़ी ही देर बाद कमरे में गोली चलने की आवाज से हड़कंप मच गया। कथा की तैयारी में जुटे बुजुर्ग विश्वपाल सिंह मौके पर पहुंचे। कमरा भीतर से बंद देख पुलिस को फोन किया।
रिटायर्ड डिप्टी एसपी की पुत्रवधू द्वारा गोली मारकर खुदकुशी की सूचना पर सीओ व एसओ गाजीपुर मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा गया कि बेड से टेक लगाए फर्श पर रिवॉल्वर थामे बैठी निधि ने अपने माथे के बीचोंबीच गोली मार ली।
इससे अफसरों के होश उड़ गए। पुलिसकर्मियों ने खून से लथपथ निधि को जीप में लादा और ट्रॉमा सेंटर ले गए। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हवाई फायर करके लिखा सुसाइड नोट
बंद कमरे में गोली चलने से संजीव व उसके पिता विश्वपाल को लगा कि निधि ने खुदकुशी कर ली है। उन्होंने पुलिस को फोन कर दिया, जबकि निधि ने सेफ में रखा रिवॉल्वर निकालने के बाद हवाई फायर किया और बेड के पास फर्श पर बैठकर सुसाइड नोट लिखने लगी।
संभवत: रिवॉल्वर थामे बैठी निधि खुदकुशी के बारे में सोच रही थी कि दरवाजा टूटने पर उसने खुद को गोली मार ली।
सास के कारण की आत्महत्या
कमरे में मिले सुसाइड नोट में निधि ने लाल स्याही से लिखा, ‘मैं निधि सिंह अपनी सास के कारण आत्महत्या कर रही हूं। मेरे बच्चे को ससुराल वालों ने से अलग रखना।’
पुलिस ने सुसाइड नोट कब्जे में लेकर दिल्ली के पुराना शाहदरा निवासी निधि के पिता सुरेश सिंह को सूचना दी है। संजीव ने पुलिस को बताया कि 14 साल पहले निधि से उसकी शादी हुई थी।
दोनों का एक बेटा सूर्यांश (13) है। कई साल से सास-बहू में तकरार होती रहती थी।
फील्ड यूनिट बुलाई
पुलिस अफसरों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए फील्ड यूनिट को कॉल किया। इस पर फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट मौके पर पहुंचे। बिजली गुल होने के कारण अंगुलियों के निशान उठाने में दिक्कत आती देख कमरा बंद कर दिया गया।
काफी देर बाद कमरे के विभिन्न स्थानों व रिवॉल्वर से निधि की अंगुलियों की छाप उतारी गई।