अलीगंज क्षेत्र में मारुति वैन सवार बदमाशों ने शुक्रवार सुबह सेंट फेडलिस स्कूल में सातवीं के छात्र का अपहरण कर लिया। टाई से हाथ और जूते के फीतों से पैर बांधकर उसे एक बाग में ले जाकर यातनाएं दीं।
सिर के एक हिस्से पर मुंडा बनाया और देरशाम स्टेडियम के पास छोड़कर भाग निकले। कुछ लोगों ने छात्र को बदहवास हालत में घर पहुंचाया। पुलिस ने सीनियर छात्रों पर संदेह जताते हुए तहकीकात शुरू की है।
एसओ अलीगंज कमलापति यादव ने बताया कि सेक्टर-डी में रहने वाले कपड़ा व्यवसायी अनूप श्रीवास्तव का बेटा आयुश श्रीवास्तव (13) विकासनगर स्थित सेंट फेडलिस स्कूल में सातवीं का छात्र है। आयुश रोजाना की तरह शुक्रवार सुबह सात बजे साइकिल लेकर स्कूल के लिए निकला। दोपहर दो बजे तक घर न लौटने पर परिवारीजनों ने तलाश शुरू की। पता चला कि आयुश स्कूल गया ही नहीं था।
अनहोनी की आशंका के चलते अनूप ने थाने में सूचना दी और आयुश के दोस्तों व अन्य स्थानों पर ढूंढते रहे। पुलिस ने आयुश के दोस्तों के बारे में जानकारी की। पता चला कि दो दिन पहले आयुश का कुछ लड़कों से विवाद हुआ था।
तहकीकात चल ही रही थी कि केंद्रीय भवन का एक वाहन चालक आयुश को लेकर उसके घर पहुंचा। बदहवास हालत में घर लौटे आयुश के शरीर पर पिटाई की चोटें और सिर के एक हिस्से के बाल कटे थे। आयुष के पास उसका बस्ता तो था लेकिन साइकिल गायब थी।