रायबरेली शहर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार की रात बेकाबू पुलिस का वाहन पटरी दुकानदारों के ठेलों में टक्कर मारते हुए कूड़ेदान में चढ़ गया। इस घटना में कोई हताहत तो नहीं हुआ लेकिन पटरी दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की जांच के बाद सिपाही को निलंबित कर दिया गया है। जांच में पता चला कि सिपाही शराब पिए हुए था। सिपाही का नाम राधेश्याम है।
पुलिस का वाहन देख कर लोगों का गुस्सा भड़क उठा और काफी देर तक हंगामा किया। कोतवाली पुलिस पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पुलिस की एक गाड़ी तेज रफ्तार से आई दुकानदारों के ठेलों में टक्कर मारते हुए कूड़ेदान पर जा चढ़ी।
ठेलों में टक्कर से अफरातफरी मच गई। खरीदारी कर रहे लोग भाग खड़े हुए। हादसे में तीन लोगों के मामूली रूप से घायल होने की सूचना है लेकिन कोई अस्पताल नहीं पहुंचा।