सीतापुर जिले की महमूदाबाद कोतवाली में एक युवक ने संपत्ति के विवाद में अपनी दादी की गला रेत कर हत्या कर दी। वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपी पोते को गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल, महमूदाबाद कस्बे के कैथी टोला वार्ड निवासी बुजुर्ग शांति देवी वर्मा (70) के पति गौरीशंकर (80) की दो दिन पहले मौत हो गई थी। जिसके बाद उनके इकलौते बेटे कमलेश कुमार ने उनका अंतिम संस्कार किया जो कि महिला के सौतेले पुत्र हैं। वह क्रिया कर्म के बाद महमूदाबाद स्थित अपने घर में मौजूद थे।
रविवार की सुबह करीब 8 बजे के आसपास कमलेश घर से अपनी पत्नी के साथ दवाई लेने चले गए। इसी दौरान कमलेश का बेटा प्रदीप शांति देवी के घर पहुंचा और विवाद के बाद अपनी दादी के गले पर धारदार हथियार से हमला कर मौत के घाट उतार दिया।
घटना से लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल अनिल पांडे ने बताया कि पुलिस ने आरोपी प्रदीप को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। प्रदीप ने पुलिस को बताया कि उसकी दादी शांति देवी गांव के मुख्य मार्ग की बाग को बेचना चाहती थीं।
बाबा गौरीशंकर की तमाम संपत्ति दादी के नाम आने के बाद से ही वह अपनी दादी से नाराज था और उसे लगता था कि दादी सारी सम्पति किसी और को दे देंगी। कोतवाल ने बताया कि अभी तक तहरीर नहीं मिली है।