गोंडा जिले के इटियाथोक थाना क्षेत्र के धर्मेई गांव में संपत्ति बंटवारे को लेकर पांच दिन पहले हुई कहासुनी से खफा चाचा ने बुधवार रात सोते समय भतीजों पर गंड़ासे से हमला कर डाला जबकि एक भतीजे को गंभीर रूप से घायल कर दिया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वारदात की सूचना पर डीआईजी व एसपी ने गांव पहुंचकर लोगों से जानकारी ली। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त गंड़ासा बरामद कर लिया है। एसपी ने थानाध्यक्ष को आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।
इस मामले में इटियाथोक थाने में आरोपी के भाई ने हत्या व जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश दे रही है।
मां को नहीं देना चाहता था हिस्सा
इटियाथोक थाना क्षेत्र के धर्मेई गांव के रहने वाले मोहम्मद हनीफ ने बताया कि वह सात भाई हैं। सबसे बड़े भाई अब्दुल रहमान और सबसे छोटा अबुल हसन है।
मोहम्मद हनीफ के मुताबिक अब्दुल रहमान मुंबई में रहकर व्यवसाय करते हैं। हनीफ ने बताया कि गांव में 24 बीघा भूमि व मकान है। अबुल हसन काफी दिनों से संपत्ति का बंटवारा करने के लिए कह रहा था, इसलिए बड़े भाई अब्दुल रहमान मुंबई से यहां आए थे।
उन्होंने सभी भाइयों की मौजूदगी में बंटवारा कर दिया। बंटवारे के दौरान तय हुआ कि सभी अपने हिस्से में से कुछ जमीन मां को देंगे। इसी बात पर अबुल हसन भड़क गया और मारपीट करने पर उतारू हो गया।
इसी को लेकर अबुल हसन की भतीजे तौसीफ (19) पुत्र इस्लाम, मुद्दसिर (18) पुत्र हनीफ व सलमान (23) पुत्र इस्लाम से कहासुनी हो गई, मगर मामला शांत करा दिया गया।
...और खत्म कर दिया भतीजों को
मोहम्मद हनीफ ने बताया कि तीनों भतीजे बुधवार रात घर के बाहर सो रहे थे। तभी देर रात अबुल हसन ने गंड़ासे से ताबड़तोड़ हमला कर तौसीफ की हत्या कर दी। हमले में मुद्दसिर व सलमान गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां मुद्दसिर ने दम तोड़ दिया। जबकि सलमान का इलाज चल रहा है। वारदात की सूचना पर गुरुवार सुबह डीआईजी जितेंद्र प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक राजेश पांडेय, सीओ सदर अखंड प्रताप सिंह ने गांव पहुंच कर लोगों से जानकारी ली। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त गड़ासा बरामद कर लिया है।
मोहम्मद हनीफ ने अपने छोटे भाई अबुल हसन के खिलाफ थाना इटियाथोक में हत्या व जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसपी राजेश पांडेय ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।