फैजाबाद के मसौधा में यूनियन बैंक में पैसा जमा करने आए एक ग्राहक की कनपटी पर तमंचा लगाकर एक लाख रुपये लूट लिया गया। घटना ठीक बैंक के गेट के सामने फैजाबाद-इलाहाबाद हाईवे पर बह्म बाबा के पास सोमवार अपरान्ह करीब 3 बजे हुई। बाइक सवार बदमाश तमंचा लहराते हुए फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक फैजाबाद-इलाहाबाद हाईवे पर शीतल पेय फैक्ट्री के सामने स्थित यूनियन बैंक की शाखा में कैंट थाना क्षेत्र हांसापुर निवासी राहुल चौरसिया परिजन सरजू प्रसाद के साथ बाइक से एक लाख रुपये जमा करने आए थे। वह बैंक के अंदर स्लिप भर रहे थे, इस दौरान बाइक सवार दो बदमाश बैंक के अंदर घुस गए और राहुल और सरजू प्रसाद से यह कहते हुए इशारा किया कि नाका पर तुम्हारी मां का एक्सीडेंट हो गया है और तुम यहां बैंक में आए हो।
जैसे ही दोनों बैंक के चैनल गेट से निकलकर बाहर आए, इस दौरान बदमाशों ने कनपटी पर तमंचा सटा दिया। सरजू प्रसाद के हाथ से एक लाख रुपये से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। सूचना पर पूराकलंदर पुलिस, सीओ अयोध्या समेत एसपी सिटी पहुंचे और छानबीन की।
वहीं, पीड़ित सरयू प्रसाद, राहुल समेत अन्य तीन लोगों को पूछताछ के लिए पूराकलंदर थाना लाया गया है। सीओ अयोध्या राजीव कुमार साव का कहना है कि घटना की छानबीन की जा रही है। पीड़ित सरजू प्रसाद ने मामले में तहरीर दी है।