उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के असंद्रा थाना क्षेत्र के एक गांव से सोमवार देर शाम एक छात्रा को अगवा कर आरोपियों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। बेहोशी की हालत में बालिका को मंगलवार सुबह उसके गांव के बाहर बाग में छोड़कर भाग गए।
एक आरोपी को गांव वालों ने और दूसरे को पुलिस ने दबोच लिया। दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। बालिका कक्षा सात की छात्रा है उसे मेडिकल के लिए भेजा गया है। एएसपी ने भी मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली।
थाना असंद्रा क्षेत्र के एक गांव निवासी 12 वर्षीय एक बालिका सोमवार देर शाम अपने घर पर अकेली थी। तभी उसके गांव का ही युवक अपने साथी पड़ोस के गांव निवासी एक अन्य युवक के उसके घर पहुंचा।
इसके बाद दोनों ने उसे अगवा कर लिया। घर लौटी मां को पुत्री नहीं मिलने पर उसने आसपास तलाश की। सफलता न मिलने पर प्रधान व पुलिस को जानकारी दी।
बालिका ने खुद बयान की हैवानियत की कहानी
मंगलवार सुबह बदहवास हालत में घर पहुंची बालिका ने अपनी मां को वारदात की जानकारी दी। उसने बताया कि दोनों युवक उसका मुंह बंद कर उसे पास के गांव लोहारपुर ले गए थे। वहां एक खेत में ले जाकर रात में उसके साथ दोनों ने सामूहिक दुष्कर्म किया।
इसके बाद मंगलवार भोर में बेहोशी की हालत में गांव के बाहर ही एक बाग में छोड़कर भाग गए। इस पर पीड़िता की मां ने पुलिस को तहरीर दी।
इस पर पुलिस ने उसके गांव के ही अनिल कुमार व पड़ोस के गांव गंगवई पठनान निवासी मनोज कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी। जिसके बाद अनिल को तो पुलिस ने पकड़ लिया। वहीं मनोज को उसके गांव के ही लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
वारदात की जानकारी होने पर मौके पर पहुंचे एएसपी कुलदीप नारायण ने एसओ श्रीधर पाठक को मामले में सख्त कार्रवाई किए जाने का निर्देश दिया।
मां ने पुलिस को बताई ये बातें
पुलिस ने पीड़िता को चिकित्सीय परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा है। पीड़िता गांव के ही स्कूल में कक्षा सात की छात्रा है।
पीड़िता की मां ने पुलिस को बताया है कि जिस समय यह वारदात हुई उस समय वह पास के ही घर के बाहर अलाव ताप रही थी और वापस आकर देखा तो पुत्री घर से लापता थी। जिसके बाद इस बारे में ग्राम प्रधान व पुलिस को जानकारी दी।
मामले पर एसपी एसपी अब्दुल हमीद ने कहा कि अंसद्रा थाना क्षेत्र के एक गांव में एक बालिका का अपहरण व दुष्कर्म मामले में पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनको गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच पड़ताल कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।