फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दोस्ती बनाई, चाय पिलाई और फिर 2.5 लाख की टोपी पहनाई

Thu, 01 Aug 2013 08:39 AM IST
लखनऊ/इंटरनेट डेस्क
विज्ञापन
विज्ञापन
इंदिरानगर क्षेत्र में एक युवक ने दुकानदार से जान-पहचान बढ़ाई। इसके बाद सुरक्षा के बहाने सोमवार बहनोई को रुपये देने जा रहे दुकानदार के साथ हो लिया।
विज्ञापन


रास्ते में मड़ियांव के पास चाय में नशीला पदार्थ पिलाकर दुकानदार को बेहोश कर दिया और बैग में रखे ढाई लाख रुपये लेकर चंपत हो गया। राहगीरों ने सड़क पर बेहोश पड़े व्यक्ति को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

होश आने पर घर पहुंचे पीड़ित ने युवक की तलाश शुरू की। कुछ पता न चलने पर बुधवार को मड़ियांव थाने पहुंच रिपोर्ट दर्ज कराई है।

इंदिरानगर सेक्टर-14 शिवाजीपुरम निवासी रामसजीवन की घर के पास ही जनरल मर्चेंट की दुकान है। कुछ दिन से उसकी दुकान पर एक युवक आ रहा था। अपना नाम कबीर और कॉलोनी का ही रहने वाला बताने के साथ धीरे-धीरे मेलजोल बढ़ाकर घर आने-जाने लगा।
विज्ञापन


रामसजीवन के अनुसार सोमवार को बहनोई का फोन आया, उन्होंने जमीन की रजिस्ट्री कराने के लिए 2.50 लाख रुपये मांगे। उस समय कबीर भी दुकान पर ही बैठा था।

उसके जाने के कुछ देर बाद रामसजीवन मुंशी पुलिया स्थित भारत ओवरसीज बैंक पहुंचा और रकम निकाली। बैंक से निकल ही रहा था कि कबीर का फोन आया, उसने अकेले रुपये न ले जाने की सलाह देते हुए साथ चलने को कहा।

इस पर रामसजीवन घर पहुंचा और कबीर की बाइक से दोनों साथ में निकले। मड़ियांव में भिठोली क्रॉसिंग के पास कबीर ने होटल पर बाइक रुकवाई। दोनों ने साथ चाय पी। इसके कुछ ही देर में सजीवन को चक्कर आने लगा और वह बेहोश होकर गिर पड़ा।

होश में आने पर खुद को अस्पताल में पाया, जबकि रुपयों भरा बैग गायब था। घबराया सजीवन जैसे-तैसे घर पहुंचा और पूरी घटना बताने के साथ ही कबीर के बताए पते पर पहुंचा।
विज्ञापन


पूछताछ में पता चला कि उक्त पते पर कबीर नामक कोई युवक नहीं रहता है। ठगी का शिकार बने सजीवन ने बुधवार को थाने पहुंच रिपोर्ट दर्ज कराई। उधर, एसओ मड़ियांव ने घटना की जानकारी से ही इन्कार किया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें