अवैध असलहे के साथ प्रधान गिरफ्तार
गोंडा। पशु तस्कर व गैंगस्टर प्रधान भिटौरा नंद किशोर बरवार को पुलिस ने अवैध असलहा व कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। कोतवाली मनकापुर के एसआई मोहम्मद जैद सिद्दीकी व कांस्टेबिल श्रवण कुमार यादव शनिवार की सुबह क्षेत्र भ्रमण पर निकले थे।
तभी कोतवाली के निकट रेलवे क्रासिंग के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को घेराबंदी करके पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से 315 बोर का एक तमंचा व एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है।
पूछताछ में उसने अपना नाम नंद किशोर निवासी अगनी पुरवा भिटौरा बताया। बताया कि वह भिटौरा गांव का ग्राम प्रधान है। पुलिस के अनुसार आरोपी ग्राम प्रधान पशु तस्करी में वांछित रह चुका है।
उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत पूर्व में कार्रवाई भी हो चुकी है। जिसमें वांछित चल रहा है। पुलिस के मुताबिक आरोपी माजिद गैंग का तस्कर है। जिसके खिलाफ प्रदेश के बस्ती, कुशीनगर, देवरिया व बलरामपुर सहित कई जनपदों के थानों में मुकदमे पंजीकृत हैं।
वही मनकापुर कोतवाली में गैंगस्टर का मुकदमा पंजीकृत है जिसकी विवेचना थाना छपिया के एसओ कर रहे हैं। कोतवाल आलोक राव ने बताया कि आरोपी नंद किशोर बरवार पर मुकदमा दर्ज किया गया है।