बेरोजगारों को सिंगापुर भेजने के नाम पर लाखों की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एबी टूर एंड ट्रैवल्स एजेेंसी ने 65 से ज्यादा बेरोजगारों से 50 लाख रुपये ऐंठकर फर्जी वीजा व एयर टिकट थमा दिया। पीड़ितों में उन्नाव, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, महराजगंज, देवरिया, कौशांबी समेत अन्य जिलों के युवक हैं। आरोप है कि प्रति व्यक्ति से 75-75 हजार रुपये लिए गए। तहरीर पर कैसरबाग थाने की पुलिस जांच कर रही है।
उन्नाव से आए पीड़ित प्रदीप साहू के मुताबिक, दिल्ली एयरपोर्ट पर जांच में उनके वीजा और टिकट फर्जी निकले। इसके बाद वह लखनऊ के कैंट रोड स्थित एबी टूर एंड ट्रैवल्स एजेंसी पहुंचे तो वहां ताला लगा था।
पीड़ित जब कोतवाली कैसरबाग पहुंचे तो संबंधित चौकी का रास्ता दिखा दिया गया। गोरखपुर से आए पीड़ित जितेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि ठगी के सारे सुबूत देने के बाद भी पुलिस ने मुकदमा नहीं लिखा। प्रभारी निरीक्षक अजय नारायण सिंह के मुताबिक, आधार कार्ड के अनुसार धोखाधड़ी के आरोपी का पता गोमती नगर का है। उसके आवास पर जाकर पड़ताल करवाई जा रही है। जांच के बाद केस दर्ज किया जाएगा।