टक्कर के बाद कार सवार युवकों ने फूंका लोडर
- औरंगाबाद रेलवे क्रॉसिंग के पास हादसा, दो आरोपी गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
लखनऊ। आशियाना की औरंगाबाद रेलवे क्रॉसिंग के पास बुधवार देर रात इलेक्ट्रॉनिक सामान लादकर आ रहे लोडर की उलटी दिशा से आ रही कार से टक्कर हो गई। हादसे से गुस्साए कार सवार युवकों ने लोडर में तोड़फोड़ के बाद उसमें आग लगा दी। लोडर चालक ने किसी तरह भागकर जान बचाई। लोडर में रखा इलेक्ट्रॉनिक का सामान राख हो गया। लोडर चालक दिलशाद की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
इंस्पेक्टर बृजेश सिंह ने बताया कि दिलशाद मोहनलालगंज के सिसेंडी में इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की दुकान करता है। बुधवार रात करीब डेढ़ बजे वह लोडर में वाशिंग मशीन, फ्रिज समेत कई इलेक्ट्रॉनिक के सामान लादकर नाका बाजार जा रहा था। औरंगाबाद रेलवे क्रॉसिंग पार करते ही सामने से उलटी दिशा से आ रही एक कार से उसका लोडर टकरा गया। कार सवार सरोजनीनगर के समाविहार कॉलोनी बाग नंबर दो में रहने वाले सौरभ और पीजीआई थानाक्षेत्र के साउथ सिटी में रहने वाले रविंद्र विश्वकर्मा ने बाहर निकलकर गाली-गलौज शुरू कर दी। दिलशाद ने उलटी दिशा से आने की बात कही तो वह भड़क उठे। उन्होंने लोडर में तोड़फोड़ करते हुए आग लगा दी और भाग निकले। दिलशाद ने पुलिस को सूचना दी जिसके बाद कार के नंबर के आधार पर सौरभ और रविंद्र को दबोच लिया गया।