रायबरेली। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा ने सोमवार को केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी पर तीखा हमला बोला। कहा कि स्मृति ईरानी ने जूता बांटकर अमेठी की जनता का अपमान किया है।
उन्हें पता होना चाहिए कि अमेठी के लोग भीख नहीं मांगते। अमेठी जिले के फुरसतगंज के नहर कोठी चौराहा पर आयोजित सभा में प्रियंका ने कहा कि चुनाव आ गया है।
बाहरी लोग आ रहे हैं, जिन्होंने यहां फूडपार्क, आईटीआई व केंद्रीय विद्यालय नहीं बनने दिया। यदि ऐसा होता तो यहां के पांच लाख किसानों का भला होता। इस सरकार ने पचास लाख रोजगार घटाए हैं। अमेठी हमारा परिवार है। यहां के लोग हमारे दिल में बसते हैं।
उन्होंने कहा कि मैं जहां जाती हूं, वहां किसान रोते हैं और कहते हैं कि रात रात भर खेतों की रखवाली करनी पड़ती है। छोटे दुकानदार जीएसटी के कारण परेशान हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री जब किसी दलित के घर जाते हैं तो उससे पहले हाथ मुंह धुलवाते है। खाना खाने के नाम पर महज ढोंग करते हैं।
दिनेश सिंह ने पैर पकड़ कर किया था साथ न छोड़ने का वादा
इसके बाद अमावां कस्बे में आयोजित नुक्कड़ सभा में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि एमएलसी दिनेश सिंह जो आज बीजेपी से सांसद प्रत्याशी हैं। उन्होंने एक दिन मेरे पैरों को पकड़ कर कहा था कि दीदी मैं आप का साथ कभी नहीं छोडूंगा, लेकिन आज वह हमारे विपक्ष में खड़ा है, जिसकी कोई औकात नहीं है। जो किसी एक पार्टी का नहीं हो सकता वह आपका क्या होगा।
इस बार चीखू-चिलाऊंगी नहीं
भुएमऊ गेस्ट हाउस में आयोजित कार्यक्रम में प्रियंका वाड्रा ने कहा कि इस बार हम दो तीन बार आएंगे। जब 15 दिन यहां बैठती थी तो आप सबको डराने-धमकाने के साथ चीख चिल्लाकर काम कराती थी। उस तरह इस बार नहीं करूंगी। इस बार आप सबकी जिम्मेदारी है। मुझे पूरा भरोसा है कि इस पर आप सब कसौैटी पर खरे उतरेंगे। इस बार आप सब पिछले बार की अपेक्षा दोगुना काम करके दिखाएंगे।