लहरपुर (सीतापुर)। कोतवाली इलाके में सोमवार की रात मां के साथ सो रहा आठ माह का बच्चा संदिग्ध हालात में गायब हो गया है। देर रात मां की आंख खुलने पर बच्चे को बिस्तर पर न पाकर होश उड़ गए। काफी खोजबीन के बाद पता नहीं चलने पर तहरीर पुलिस को दी गई है। पुलिस का कहना है कि बच्चे की तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
लहरपुर इलाके के गांव गदापुर मजरा मकनपुर निवासी रामसिंह का आठ का माह का बच्चा अपनी मां के साथ बरामदे में सो रहा था। परिवार के सभी लोग यहां पर सोए हुए थे। देर रात संदिग्ध हालात में मासूम अचानक गायब हो गया। रात करीब दो बजे मां की आंख खुली तो बिस्तर पर बेटा नहीं था। बेटे को न पाकर महिला परेशान हो उठी। उसने पास में सो रहे परिवार के अन्य सदस्यों को इसकी जानकारी दी।
परिवार के लोगों और गांव वालों ने रात में बच्चे की तलाश की, लेकिन काफी खोजबीन के बाद बच्चे का कहीं भी पता नहीं चल सका। सुबह होने पर मामले की तहरीर पुलिस को दी गई है। इंस्पेेक्टर लहरपुर राय साहब द्विवेदी ने बताया कि बच्चे के गायब होने का मामला सामने आया है। खोजबीन के प्रयास किए जा रहे हैं। पूरे इलाके में तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगी हुई हैं। अभी तक कामयाबी नहीं मिल सकी है। बच्चे की सकुशल बरामदगी के प्रयास में पुलिस लगी हुई है। संवाद