महराजगंज (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र के बरहुआं गांव में पति की मौत के बाद मंगलवार को महिला शारदा सहायक नहर में कूद गई। देर शाम तक उसका कुछ पता नहीं चल पाया। बताते हैं कि पति की मौत के सदमे की वजह से महिला नहर में कूदी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला के पति की मौत की वजह हैंगिंग बताई गई है।
बरहुआं गांव निवासी आशु उर्फ भोले की सोमवार को संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। चर्चा थी कि शराब पीकर घर आए आशु की पत्नी से कहासुनी हो गई थी। उसका शव फांसी से संदिग्ध हालात में लटकता पाया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि आशु ने फांसी लगाकर जान दी थी।
मंगलवार को आशु के शव का अंतिम संस्कार किया गया। उधर, मृतक की पत्नी राना भी सुबह अचानक हालात में घर से गायब हो गई। जानकारी पर कोतवाल रेखा सिंह पहुंची और घटना की जांच की। पुलिस का कहना है कि पति की मौत के सदमे में महिला शारदा सहायक नहर में कूदी है। उसकी खोजबीन कराई जा रही है। सीओ रामकिशोर सिंह का कहना है कि जल्द महिला को खोज निकाला जाएगा। संवाद