07-अयोध्या-पटरंगा थाना के कोटवा मजरे सुल्तानपुर गांव के एक युवक की मौत के बाद जमा लोगो की भीड़ व पुल
- फोटो : FAIZABAD
पटरंगा (अयोध्या)। गुजरात की एक फैक्टरी में काम कर रहे थाना क्षेत्र पटरंगा के कोटवा गांव निवासी एक युवक का शव चार दिन पहले फैक्टरी में फंदे से लटकता मिला। गुजरात पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर गांव स्थिति घर को भिजवा दिया।
शुक्रवार की रात गांव में युवक का शव पहुंचने पर परिजनों का आक्रोश भड़क उठा। उन्होंने शव के साथ आए लोगों व पुलिस के ऊपर पथराव कर शव को एंबुलेंस से नहीं उतारने दिया। आरोप था कि उनके बेटे की हत्या की गई है। सूचना पर पहुंची पटरंगा पुलिस ने हलका बल प्रयोग कर पहले भीड़ को तितर बितर किया बाद में परवार के लोगों को समझा बुझाकर शव का अंतिम संस्कार कराया।
पटरंगा थाना क्षेत्र के कोटवा गाँव निवासी दिलीप कुमार (23) पुत्र सावन दीन गुजरात की एक फैक्टरी में काम करता था। चार दिन पूर्व फैक्टरी के अंदर ही संदिग्ध परिस्थितियों में दिलीप कुमार का शव छत में लगे फंखे से गमछे के सहारे लटकता मिला। घटना की सूचना पर पहुंची गुजरात पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव को एंबुलेंस की सहायता से उसके गांव भेजवा दिया। मृतक के परिवारीजनों का कहना था कि बेेटे की हत्या की गई है।
मृतक का मौसेरा भाई पप्पू व रंगीलाल निवासी मंझेला थाना टिकैत नगर जनपद बाराबंकी पटरंगा पुलिस को सूचना देकर दो तीन सिपाहियों के साथ शव को लेकर शुक्रवार की देरशाम कोटवा गांव पहुंचा। गांव पहुंचते आक्रोशित परिजनों ने शव को एंबुलेंस से उतारने के बजाय पुलिस पर व मृतक के साथियों पर ईंट-पत्थर से हमलाकर पथराव शुरू कर दिया।
मौके पर पहुंची अतिरिक्त पुलिस फोर्स ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया। काफी समझाने के बाद परिजन शव के अंतिम संस्कार को राजी हुए। पटरंगा थाना प्रभारी विवेक सिंह ने बताया कि शव का अंतिम संस्कार करा दिया गया है। परिजन जो हत्या का आरोप लगा रहे हैं, इसकी जांच गुजरात पुलिस करेंगी क्योंकि घटनास्थल गुजरात का है। संवाद