रायबरेली में एक मकान से जब्त किए गए पटाखे
- फोटो : अमर उजाला
रायबरेली में भदोखर थाना क्षेत्र के मुंशीगंज के पास एक मकान में मंगलवार की रात डंप किए गए करोड़ों कीमत के पटाखा जब्त किए गए। अवैध तरीके से पटाखा मकान रखे गए थे और दिवाली पर बिक्री करने की तैयारी थी। सूचना पर पुलिस ने छापा मारकर मौके से एक युवक को दबोच लिया, जबकि मकान मालिक फरार हो गया। मकान से बरामद पटाखा कितना है और उसकी कीमत कितनी है, इसका आंकलन किया जा रहा है। इस कार्रवाई से पटाखा दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
अपर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव, एडीएम प्रशासन राम अभिलाष, सीओ सदर डॉ.अंजनी कुमार चतुर्वेदी ने मुखबिर की सूचना पर भदोखर थानेदार राम आशीष उपाध्याय के साथ मुंशीगंज कस्बे के पास शहीद स्मारक जाने वाले मार्ग पर एक मकान पर छापा मारा। पुलिस को सूचना मिली थी कि इस मकान में अवैध तरीके से भारी संख्या में पटाखा डंप किया गया है। मकान के अंदर पुलिस पहुंची तो भारी संख्या में पटाखा देख दंग रह गई। इस दौरान गत्तों में पटाखा रखे हुए थे। मौके से एक युवक को दबोच लिया गया, जिसका नाम नयाब बताया जा रहा है। यह मुंशीगंज का रहने वाला है।
एएसपी ने बताया कि दिवाली के मद्देनजर एक मकान पर कई टन पटाखा डंप किया गया था, जिसकी कीमत दो करोड़ रुपये से ज्यादा आंकी जा रही है। जिस मकान पर पटाखा बरामद किए गए, वह मुंशीगंज के रहने वाले नसीम का होना बताया जा रहा है। छापामारी की सूचना पर नसीम मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश कराई जा रही है। एएसपी का कहना है कि मामले में केस दर्ज कराकर कार्रवाई की जाएगी। दिवाली पर प्रदूषण को देखते हुए वैसे भी अधिक आवाज वाले पटाखों की बिक्री पर रोक लगाई गई है। बावजूद इसके मकान से अधिक आवाज करने वाले पटाखा बरामद किए गए हैं। पुलिस की छापामारी के बाद मौके पर अफरातफरी रही।