अवध विश्वविद्यालय द्वारा प्रस्तावित और महानिदेशक, चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण द्वारा अनुमोदित सीपीएमटी 2016 का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। इसके लिए आवेदन 10 मार्च से शुरू होगा। प्रवेश परीक्षा प्रदेश के 15 जिलों में स्थित विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर 17 मई को होगी।
सीपीएमटी-2016 के लिए आवेदन की प्रक्रिया पूर्णतया ऑनलाइन होगी। आवेदन प्रक्रिया क्रमागत रूप से तीन चरणों में विभक्त है। प्रथम चरण में आवेदक को सीपीएमटी की वेबसाइट www.cpmtup2016.org पर रजिस्ट्रेशन कराना होगा।
इसके बाद दूसरे चरण में ऑनलाइन (क्रेडिट/डेबिट कार्ड/नेट बैंकिंग के माध्यम से) अथवा ऑनलाइन जनरेटेड बैंक चालान के माध्यम से फीस जमा करनी होगी। तीसरे चरण में आवेदक को ऑनलाइन फॉर्म भरना होगा। उक्त तीनों चरण क्रमागत रूप से संपन्न होंगे। एक चरण के पश्चात अगले चरण से संबंधित प्रक्रिया आवेदक अगले कार्य दिवस में ही संपन्न कर सकेगा।
ज्ञात हो कि वर्ष 2016 के लिए उत्तर प्रदेश के राजकीय एवं मान्यता प्राप्त मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस, बीडीएस, बीएचएमएस, बीएएमएस व बीयूएमएस पाठ्यक्रमों के प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए आयोजित कम्बाइंड प्री मेडिकल टेस्ट-2016 के आयोजन की जिम्मेदारी शासन ने डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, फैजाबाद को प्रदान की है।