मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरोना संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि कोरोना के नए स्ट्रेन को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जाए। नए स्ट्रेन की जांच के लिए जरूरी उपकरणों की व्यवस्था की जाए। मुख्यमंत्री सोमवार को अपने आवास पर उच्चस्तरीय बैठक में अनलॉक व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि टेस्टिंग को पूरी क्षमता से संचालित किया जाए। रैपिड एंटीजन टेस्ट की संख्या बढ़ाई जाए। आरटीपीसीआर जांच भी पूरी क्षमता से की जाएं।
उन्होंने कहा कि लखनऊ में विशेष ध्यान देते हुए रिकवरी दर को बेहतर किया जाए। इस संबंध में रणनीति तैयार की जाए। जिले की उपचार व्यवस्था को सुदृढ़ बनाया जाए। उन्होंने कोविड-19 से बचाव के संबंध में लोगों को निरंतर जागरूक करने के निर्देश दिए। कहा कि जिला स्तर पर इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर को पूरी सक्रियता से संचालित किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री आरोग्य मेले के आयोजन के लिए सभी तैयारियां की जाएं। मेले के दौरान लोगों को कुपोषण के संबंध में जागरूक किया जाए। आम लोगों को कोविड-19 से बचाव संबंधी उपाय भी बताए जाएं। बैठक में बैठक में चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना व वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।