बीते शुक्रवार को भी बम विस्फोट की धमकी के बाद कचहरी में हुई थी सघन जांच।
लखनऊ। कचहरी को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इस बार भी धमकी ईमेल के जरिये भेजी गई। ईमेल भेजने वाले ने लिखा कि आपके कोर्ट के जज के चैंबर में 12 आरडीएक्स आईईडी लगाए गए हैं, जो जल्द ही फटेंगे। तमिलनाडु में ईडब्ल्यूएस रिजर्वेशन लागू होने से रोकें। दोपहर 12:15 तक कोर्ट खाली करा लें।
ईमेल सुबह 8:38 बजे इलाहाबाद हाईकोर्ट को प्राप्त हुआ। इसके बाद सभी को अलर्ट कर दिया गया। राजधानी में कचहरी की सुरक्षा बढ़ा दी गई। प्रवेश व निकास के गेट पर सुरक्षाकर्मी बढ़ाकर आने-जाने वालों की गहर जांच की गई। परिसर में तलाशी के दौरान कोई विस्फोटक नहीं मिला। अधिवक्ता व न्यायाधीश रोज की तरह अपना कार्य करते रहे जिससे कचहरी का काम प्रभावित नहीं हुआ। ईमेल में नीचे एलटीटीई और आईएसआई का जिक्र भी किया गया था। इसके पहले भी 13 फरवरी को कचहरी को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल जिला जज को भेजा गया था। इस कारण बीते शुक्रवार को कचहरी की 125 अदालतों में 12 हजार से अधिक मामलों की सुनवाई नहीं हो सकी थी। कोर्ट के नाजिर की तहरीर पर वजीरगंज थाने में ईमेल भेजने वाले अज्ञात शख्स के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। इस मामले की छानबीन एटीएस कर रही है। पुलिस की दो टीमें भी आरोपी के बारे में पता लगा रही हैं।
बीते शुक्रवार को भी बम विस्फोट की धमकी के बाद कचहरी में हुई थी सघन जांच।
बीते शुक्रवार को भी बम विस्फोट की धमकी के बाद कचहरी में हुई थी सघन जांच।