भले ही राजा भैया राहत की सांस ले रहे हों, लेकिन कुंडा केस आसानी से उनका पीछा छोड़ता नहीं दिख रहा है। ऐसा हो सकता है कुंडा में मारे गए पुलिस ऑफिसर जिया उल हक की पत्नी परवीन आजाद की वजह से।
कुंडा मामले में सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट के बाद राजा भैया के जश्न पर ग्रहण लग सकता है।
जिया उल हक की पत्नी परवीन आजाद ने बुधवार को सीबीआई कोर्ट में क्लोजर रिपोर्ट पर आपत्ति दर्ज करते हुए कहा कि उन्हें उस रिपोर्ट पर यकीन नहीं है।
कोर्ट ने दिया हुक्म
परवीन आजाद के वकील ने सीबीआई कोर्ट से क्लोजर रिपोर्ट की कॉपी देने की अपील की। इस पर कोर्ट ने सीबीआई को आदेश दिया है कि वो परवीन आजाद को वह क्लोजर रिपोर्ट सौंपे, जिसके आधार पर राजा भैया सहित पांच आरोपियों को क्लीन चिट मिल गई थी।
उम्मीद है कि जल्द ही परवीन आजाद को क्लोजर रिपोर्ट मिल जाएगी। उसके बाद, वह रिपोर्ट में पेश किए गए सबूतों को गौर से देखने के बाद वापस कोर्ट जा सकती हैं।
क्लोजर रिपोर्ट पर आपत्ति दर्ज करने के लिए सीबीआई कोर्ट ने परवीन आजाद को 23 अगस्त तक का वक्त दिया है। अगर परवीन आजाद को इस रिपोर्ट में कुछ भी आपत्तिजनक मिलता है, तो राजा भैया की नींद एक बार फिर उड़ सकती है।