हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच ने सूबे के चर्चित बांदा दुराचार कांड की पीड़िता को 5 लाख रुपये बतौर मुआवजा देने का आदेश दिया है।
कोर्ट ने मामले के सजायाफ्ता बसपा नेता और पूर्व विधायक पुरुषोत्तम नरेश द्विवेदी को निर्देश दिया कि यह रकम ट्रायल कोर्ट में जमा करे, जो पीड़िता को दी जाएगी। इसके साथ ही अदालत ने चिकित्सकीय आधार पर पूर्व विधायक की जमानत मंजूर कर ली।
न्यायमूर्ति सुधीर कुमार सक्सेना ने यह आदेश पूर्व विधायक की जमानत अर्जी पर दिया। द्विवेदी को दुष्कर्म के जुर्म में सत्र अदालत ने 10 साल कठोर कारावास के साथ एक लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी। इसमें से 50,000 रुपये की रकम पीड़िता को बतौर मुआवजा भी दिए जाने को कहा था।
सजायाफ्ता पूर्व विधायक ने सत्र अदालत के इस फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट में अपील दायर कर जमानत पर रिहा किए जाने की गुजारिश की थी। खुद की बीमारी का हवाला देकर कहा कि वह वृद्ध है। तीन साल से ज्यादा से जेल में बंद है और उसका राजनीतिक कॅरिअर चौपट हो चुका है।