एक प्रेमी युगल के शव गांव के बाहर एक नाले में पड़े मिले है। रविवार की सुबह जानकारी पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की है। दोनों के गले में मफलर व दुपट्टा कसा हुआ था। जहां पर शव मिला है वहां एक पेड़ लगा है जिससे यह भी आशंका जताई जा रही है कि इन दोनों ने पेड़ से लटककर फांसी लगा ली और फिर डाल टूटने से नीचे जा गिरे। हालांकि मृतकों के परिवारीजनों ने किसी के खिलाफ कोई शिकायत पुलिस से नहीं की है और न ही आरोप लगाए है।
युवक जहां तीन दिन पहले अपने घर से लापता था वहीं किशोरी होली के दिन से गायब थी। लेकिन इनके परिवारीजनों ने इस बारे में पुलिस को कोई जानकारी नहीं दी थी। ग्रामीण घटना को संदिग्ध बता रहे है। जबकि पुलिस इसे आत्महत्या का मामला बता रही है।
पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत का कारण पता लग सकेगा। घटना की जानकारी पर मौके पर एएसपी व एसओ समेत फारेंसिक टीम ने पहुंचकर जांच की है। पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पुलिस के मुताबिक कोठी थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव निवासी देवेंद्र कुमार(18) पुत्र बिसम्भर व शालिनी(16) पुत्री रामकिशोर निवासी ग्राम नारायणपुर थाना लोनीकटरा का शव रविवार सुबह करीब नौ बजे कोठी थाना क्षेत्र में कोटवा गांव के समीप निकले नाले में पड़े मिले।
मृतक देवेंद्र के पिता विशंभर ने बताया मेरा पुत्र देवेंद्र कुमार जिस लड़की से प्रेम करता था वह मेरी पुत्री की सगी ननद थी इसलिए हम लोगों ने देवेंद्र को मना किया था और कहा था कि अब देवेंद्र अपनी बहन के यहां नारायणपुर नहीं जाएगा। इसके बाद बीते शुक्रवार को देवेंद्र अचानक घर से कहीं चला गया था वह अक्सर घर से निकल जाता था और एक दो दिन बाद वापस आ जाता था। इसलिए हम लोग यही समझ रहे थे कहीं गया होगा आ जाएगा। वहीं शालिनी कुमारी भी घर से बीते नौ मार्च होली के दिन से ही गायब थी। इसके बाद रविवार सुबह दोनों के शव मिले तो इस बारे में पुलिस को बताया गया। इसके बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।