प्राइमरी स्कूलों में 72,825 शिक्षकों की भर्ती के लिए काउंसलिंग प्रक्रिया इसी हफ्ते शुरू करने की तैयारी है। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) चाहती है कि 29 या 30 अगस्त से काउंसलिंग शुरू कर दी जाए।
उसने इसके लिए तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं और शासन को पूरा कार्यक्रम भी भेज दिया है।
सचिव बेसिक शिक्षा एचएल गुप्ता की अध्यक्षता में सोमवार को होने वाली बैठक में इस पर मुहर लग सकती है।
सुप्रीम कोर्ट को देना होगा जवाब
सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर प्राइमरी स्कूलों में टीईटी मेरिट पर 72,825 शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया पूरी करनी है। इसलिए राज्य सरकार चाहती है कि भर्ती के लिए काउंसलिंग जल्द शुरू कर ली जाए, ताकि सुप्रीम कोर्ट में बताया जा सके कि जल्द ही भर्ती प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
सचिव बेसिक शिक्षा इस संबंध में सोमवार को अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे और तैयारियों के बारे में जानकारी लेंगे।
इसमें शिक्षा विभाग के साथ नेशनल इन्फॉर्मेटिक सेंटर (एनआईसी) के अधिकारी भी शामिल होंगे। बैठक में सहमति बनने के बाद ही काउंसलिंग संबंधी आदेश जारी किया जा सकता है।
भारी संख्या में आए प्रत्यावेदन बने मुसीबत
गौरतलब है कि इसके पहले बेसिक शिक्षा विभाग ने जिलेवार आए आवेदनों में गलती सुधारने के लिए अभ्यर्थियों से दो चरणों में पहले 7 जुलाई फिर 21 जुलाई तक प्रत्यावेदन मांगे थे।
विभागीय जानकारों की मानें तो 70 लाख से भी अधिक प्रत्यावेदन जिलों को प्राप्त हुए हैं। इतनी बड़ी संख्या में आए प्रत्यावेदनों के आधार पर डायट प्राचार्यों को मूल प्रत्यावेदन ठीक करने थे।
प्राचार्यों के लिए भी था निर्देश
वहीं, प्राइमरी स्कूलों में शिक्षकों की भर्ती के लिए जिलेवार आए प्रत्यावेदनों के आधार पर 12 अगस्त तक गल्तियां सुधारने के आदेश दिए गए थे।
राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) के निदेशक सर्वेंद्र विक्रम सिंह ने इस संबंध में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के प्राचार्यों को निर्देश भी दिया था।
उनसे कहा गया है कि गल्तियां ठीक करने के लिए नेशनल इंफारमेटिक सेंटर (एनआईसी) से तैयार किए गए साफ्टवेयर का इस्तेमाल किया जाए ताकि एक जिले में गल्तियां सही होने के साथ ही सभी स्थानों पर हो जाए।