लखनऊ। प्रदेश के पांचों स्पोर्ट्स कॉलेज (लखनऊ, गोरखपुर, सैफई, फतेहपुर और सहारनपुर) की काउंसिलिंग प्रक्रिया 20 जुलाई से शुरू होगी। ऐसे में माह अंत या अगस्त माह की शुरुआत से कॉलेजों में नया सत्र शुरू होगा। मिली जानकारी के अनुसार कॉलेजों में प्रवेश के लिए खिलाड़ियों की मेडिकल प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
अगले तीन दिन में सभी कॉलेेजों में खिलाड़ियों की मेडिकल रिपोर्ट आ जाएगी। इसके बाद छात्रों को एक सप्ताह का अतिरिक्त समय दिया जाएगा ताकि संबंधित कॉलेज की काउंसिलिंग में सभी छात्र समय से पहुंच सकें। यूपी स्पोर्ट्स कॉलेज सोसाइटी के सचिव दीपेंद्र यादव ने बताया कि सभी स्पोर्ट्स कॉलेजों का सत्र हर हाल में जुलाई अंत से शुरू करने की योजना है। लखनऊ, सैफई और गोरखपुर में सत्र की तैयारियां पूरी हो गई हैं, जबकि फतेहपुर और सहारनपुर में प्रशिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू हो गई है। सत्र शुरू होने तक सभी खेलों के प्रशिक्षक और अध्यापन के शिक्षक आ जाएंगे।