लखनऊ। स्कूली वाहनों की फिटनेस को लेकर संजीदगी नहीं दिख रही है। नोटिस भेजने के बावजूद 493 स्कूली वाहनों की फिटनेस नहीं हुई है। इनमें प्रतिष्ठित स्कूलों के साथ ही निजी स्कूली वाहन शामिल हैं।
राजधानी में करीब 4500 स्कूली वाहन हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर मंशा स्पष्ट कर चुके हैं, लेकिन परिवहन विभाग के अफसर इसे लेकर गंभीर नहीं नजर आ रहे हैं। ट्रांसपोर्टनगर आरटीओ की ओर से स्कूली वाहनों की फिटनेस को लेकर लगातार नोटिस भेजे जा रहे हैं।
493 स्कूली वाहनों के मालिकों को नोटिस भेजे गए कि फिटनेस, इंश्योरेंस, प्रदूषण, परमिट सहित अन्य दस्तावेज दुरुस्त करवा लें, लेकिन इसे गंभीरता से नहीं लिया गया। यही वजह है कि वाहनों की फिटनेस नहीं हुई। ऐसे में अब आरटीओ सख्त कदम उठाने पर मजबूर हुआ है। विशेष चेकिंग अभियान चलाकर ऐसे स्कूली वाहनों को सीज किया जाएगा। एआरटीओ प्रशासन प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि जल्द ही चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।