लखनऊ विश्वविद्यालय में स्नातक और स्नातक प्रबंधन पाठ्यक्रम में दाखिले के लिए काउंसलिंग की शुरुआत मंगलवार दोपहर दो बजे से होगी। काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन ऑफ कैम्पस प्रणाली पर होगी।
काउंसलिंग में शामिल होने के लिए पंजीकरण की अंतिम तारीख 28 सितंबर रखी गई है। अभ्यर्थी 29 सितंबर को रात 12 बजे तक अपने विकल्प भर सकेंगे।
अभ्यर्थियों को काउंसलिंग में शामिल होने के लिए 200 रुपये फीस और एक हजार रुपये एडवांस फीस भी जमा करनी होगी। सीट आवंटित न होने पर उनकी फीस उनके दिये हुए बैंक खाते में सीधे भेज दी जायेगी।
इसके लिये अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे इसका सही विवरण भरें। अभ्यर्थियों को काउंसलिंग फीस और एडवांस फीस जमा करने के बाद विकल्पों का चुनाव करना होगा। इस साल लविवि में परिसर के साथ ही 68 कालेज के दाखिले भी किये जा रहे हैं।