लखनऊ। गोसाईंगंज नगर पंचायत के निर्दलीय सभासद अखिलेश गुप्ता को शनिवार रात दबंगों ने लोहे की राॅड से पीटकर घायल कर दिया। घटना सुल्तानपुर हाईवे पर स्थित संकल्प पेट्रोल पंप के पास की बताई जा रही है। परिजन उन्हें गंभीर हालत में सीएचसी गोसाईंगंज लेकर पहुंचे, जहां से उन्हें ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
कस्बा स्थित बाजार मध्य निवासी अखिलेश शनिवार रात करीब 11 बजे संकल्प पेट्रोल पंप के पास खड़े थे। इनके भाई शुभम गुप्ता का आरोप है कि कस्बे का रहने वाला युवक अपने भाई व पांच साथियों के साथ वहां पहुंचा और जान से मारने की नीयत से अखिलेश पर लोहे की रॉड से वार कर दिया। वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। इसके बाद आरोपी मौके से भाग निकले।
शुभम के मुताबिक अखिलेश के हाथ पैर और नाक में गंभीर चोटें आई हैं। ट्राॅमा सेंटर में उनका इलाज चल रहा है। एसीपी ऋषभ यादव के मुताबिक शिकायत मिली है, मामले की जांच की जा रही है।