लखनऊ। भारी विरोध के बीच ग्रीष्मावकाश के बाद सोमवार को परिषदीय स्कूल खुल गए। इस दौरान कई शिक्षक समय से नहीं पहुंचे तो कई शिक्षक स्कूल गए ही नहीं। जिसकी शिकायत प्रधानाध्यापकों ने बीएसए कार्यालय पर की। ऐसे में बीएसए राम प्रवेश ने चेतावनी दी है कि जो शिक्षक विद्यालय नहीं जाएंगे उनके खिलाफ मंगलवार से कार्रवाई शुरू होगी।
विज्ञापन
बता दें कि शिक्षक 16 जून से स्कूल खुलने का विरोध कर रहे थे। शिक्षकों का कहना था कि गर्मी अधिक पड़ रही है। ऐसे में 1 जुलाई से स्कूल खोले जाने चाहिए। वहीं विभाग ने जब शिक्षकों की मांग को नहीं माना तो चौतरफा विरोध शुरू हो गया था। हालांकि विभाग ने सोमवार को समय परिवर्तन कर दिया है। अब सुबह 7:45 बजे से स्कूल खुलेंगे और दोपहर 12:30 बजे तक स्कूल बंद होंगे। ये 30 जून तक लागू रहेगा।