लखनऊ। लविवि में नए सत्र 2022-23 के लिए बीए एनईपी, बीएससी बायो व बीएससी मैथ्स की च्वॉइस फिलिंग की प्रक्रिया 19 सितंबर से शुरू होगी। विवि प्रशासन की ओर से प्रवेश काउंसिलिंग के लिए विद्यार्थियों की मेरिट पहले ही जारी की जा चुकी है। इसमें शामिल सभी विद्यार्थी प्रवेश काउंसिलिंग में शिरकत कर सकते हैं।
प्रवेश समन्वयक प्रो. पंकज माथुर ने बताया कि बीए एनईपी, बीएससी बायो व बीएससी मैथ्स की च्वॉइस फिलिंग की प्रक्रिया 19 से 22 सितंबर तक चलेगी। विद्यार्थी विवि की वेबसाइट के एडमिशन पेज पर जाकर च्वॉइस भर सकेंगे। इसके लिए उन्हें अपनी लॉगिन आईडी का प्रयोग करना होगा। 22 सितंबर के बाद किसी भी ऐसे अभ्यर्थी पर विचार नहीं किया जाएगा, जिसने उपरोक्त तिथि में शामिल होकर प्रक्रिया नहीं पूरी की होगी। उन्होंने विद्यार्थियाें को सलाह दी है कि वे सभी निर्देशों को ठीक से पढ़कर काउंसिलिंग में शिरकत करें। वहीं पहले चरण में शामिल कोर्सों बीकॉम एनईपी, बीकॉम ऑनर्स, बीएफए-बीवीए, एलएलबी इंटीग्रेटेड, बीजेएमसी, बीएससी एग्रीकल्चर व बीएलएड की च्वॉइस फिलिंग रविवार देर रात तक चली। इनका सीट अलॉटमेंट दो दिन में जारी कर दिया जाएगा। जबकि दूसरे चरण में शामिल कोर्सों बीबीए, बीसीए व डीफार्मा की प्रवेश काउंसिलिंग 20 सितंबर तक चलेगी।