यूपी विधानमंडल के पहले दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कफ सिरप कांड को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि मामले में अब तक जो भी गिरफ्तारियां हुई हैं उन अभियुक्तों के सपा से संबंध पाए गए हैं। उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तंज कसा। जिसका अखिलेश यादव ने एक्स पर पलटवार किया है।
उन्होंने एक्स पर कहा, जब ‘ख़ुद’ फँस जाओ, तो दूसरे पर इल्ज़ाम लगाओ।
ये खेल हुआ पुराना, हुक्मरान कोई नई बात बताओ।
कफ सिरप कांड पर सीएम योगी ने दिया था ये बयान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले पर बयान देते हुए कहा कि यह बात हर व्यक्ति जानता है कि प्रदेश के लगभग हर माफिया के संबंध समाजवादी पार्टी से रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आए हैं कि एसटीएफ या उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्रवाई में पकड़े गए कुछ अभियुक्तों के संबंध समाजवादी पार्टी से रहे हैं। समाजवादी पार्टी, जो अपनी कार्यप्रणाली के लिए पहले से ही बदनाम और कुख्यात रही है, इस पूरे मामले में भी अपनी संलिप्तता उजागर होते हुए देखेगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस विषय में पूरी रिपोर्ट आने के बाद ही अंतिम रूप से कुछ कहा जा सकता है, लेकिन इतना अवश्य कहा जा सकता है कि सपा प्रमुख द्वारा जो बातें कही जा रही हैं, उनकी स्थिति वही है, जैसा कि इस पंक्ति में कहा गया है: “यही कसूर मैं बार-बार करता रहा, धूल चेहरे पर थी, आईना साफ करता रहा।” यानी, जिन माफियाओं के साथ उनकी तस्वीरें सामने आ रही हैं, स्वाभाविक रूप से अवैध लेन-देन में उनकी संलिप्तता कहीं न कहीं सामने आएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जांच होने दीजिए, दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।