मेन्यू के हिसाब से मिलेगा खाना
- फोटो : Demo
पीजीआई में मरीजों का खाना सस्ता हो गया है तो वहीं आने वाले समय में तीमारदारों की जेब पर बोझ बढ़ने वाला है। कैंटीन से खाने के लिए उन्हें अधिक कीमत चुकानी पड़ेगी। पीजीआई प्रशासन ने पिछले दिनों कैंटीन के लिए टेंडर जारी किया है। नए टेंडर के बाद तीमारदारों के भोजन की दरों में 15-20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की जा सकती है। वहीं मरीजों को दी जाने वाली खुराक में सात रुपये की कमी की गई है।
सुपर स्पेशिएलिटी चिकित्सा संस्थान पीजीआई में नई कैंटीन की टेंडर प्रक्रिया होना है। इसमें करीब दस कंपनियों ने टेंडर डाला है। नई कैंटीन का टेंडर आचार संहिता समाप्त होने के बाद होगा। इसमें तीमारदार व रेजीडेंट पर बोझ बढ़ने वाला है। पीजीआई प्रशासन ने भोजन की दरों को संशोधित करने का निर्णय लिया है। इसके तहत कैंटीन का टेंडर निकाला गया है। अधिकारियों का कहना है कि अप्रैल के दूसरे सप्ताह में टेंडर प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। इसके बाद भोजन की दरों में बदलाव होगा। नई दरों के लागू होने के बाद तीमारदारों को भोजन के लिए अधिक पैसे चुकाने होंगे। पीजीआई में कैंसर, लिवर, किडनी जैसी गंभीर बीमारियों के मरीज भर्ती होते हैं जिनका इलाज पहले से ही महंगा होता है। अब इस महंगे खर्च के बीच मरीजों के तीमारदारों को भी भोजन के लिए ज्यादा पैसे चुकाने होंगे। यहां आने वाले तीमारदार कैंटीन में भोजन करते थे। इसके लिए उन्हें अब तक प्रति थाली 40 रुपये चुकाने होते थे। आने वाले समय में यह कीमत बढ़ जाएगी। बताया जा रहा है कि भोजन के साथ चाय व नाश्ते की कीमतें भी बढ़ जाएंगी। तीमारदारों पर बोझ डालने के संबंध में अधिकारियों का कहना है कि पिछले चार सालों से टेंडर की दरों में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई थी।
मरीजों की डाइट अब सात रुपये सस्ती
लखनऊ। पीजीआई में भर्ती मरीजों को अब 172 रुपये में पूरे दिन की डाइट मिलेगी। संस्थान में खाने का नया टेंडर हो गया है। इसके बाद खाने की दर कम की गई है। अधिकारियों का कहना है कि मरीजों की डाइट में दो वक्त का खाना, नाश्ता समेत अन्य चीजें शामिल हैं। सीएमएस डॉ. अमित अग्रवाल ने बताया कि खाने का टेंडर राजस्थान किचन को दिया गया है जो पीजीआई में भर्ती मरीजों को 172 रुपये में खाना उपलब्ध कराएगा। पिछले साल मरीजों को 179 रुपये में खाना मिलता था। इस वर्ष खाने की दर 7 रुपये कम हुई है। इसमें मरीज को सुबह छह बजे चाय के साथ बिस्किट, नाश्ते में चार स्लाइस व दूध, दोपहर में लंच और रात में डिनर मिलेगा।