पॉलीटेक्निक चौराहे पर तैनात ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर अनिल यादव व होमगार्ड आनंद को बुधवार दोपहर एंटी करप्शन की टीम ने 500 रुपये घूस लेते रंगे हाथ दबोच लिया। आरोप है दिल्ली से आई स्कार्पियो कार रोककर रकम वसूल रहे थे।
एंटी करप्शन की टीम ने लिखा-पढ़ी के बाद दोनों को गोमतीनगर पुलिस के सुपुर्द किया जहां मुकदमा दर्ज कर उन्हें हवालात में डाल दिया गया। बृहस्पतिवार को भ्रष्टाचार निवारण कोर्ट में पुलिसकर्मियों को पेश किया जाएगा।
पुलिस के मुताबिक, पॉलीटेक्निक चौराहे पर तैनात टीएसआई अनिल यादव दोपहर करीब डेढ़ बजे वाहनों की चेकिंग कर रहे थे तभी दिल्ली के नंबर की स्कार्पियो कार गुजरी। होमगार्ड आनंद कार चालक अंबेडकरनगर निवासी राम सिंह की रोककर कागजात चेककर चालान की धमकी देने लगा।