चिनहट बाजार में देर रात तक हुई खरीदारी
- फोटो : अमर उजाला
CoronaVirus Latest Updates In Hindi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुरुवार को राष्ट्र को संबोधन के बाद लखनऊ में अफवाह फैल गई कि शुक्रवार से बेमियादी रूप से बाजार एवं मंडी बंद हो जाएगी। इसके चलते खुदरा किराना बाजार एवं सब्जी मंडी में खरीदार टूट पड़े।
वहीं, भीड़ देख कर दुकानदारों ने भी मनमाने दाम वसूले। इसके चलते रात तक आलू 50 रुपये और भिंडी 120 रुपये किलो तक बिक गई। अधिकतर सब्जियां दोगुनी कीमत में बिकी हैं। डालीगंज, गोमती पुल के पास लगने वाली सब्जी मंडी में आलू खत्म हो गया।
रकाबगंज, मौलवीगंज, मशकगंज, डालीगंज, सीतापुर रोड खदरा में रात नौ बजे तक लोग खरीदारी करते रहे। खास तौर पर आटा, दाल व चावल खरीदते रहे, जिसकी कीमतों में कोई अंतर नहीं रहा। हालांकि, सब्जियों की कीमत में आग लग गई। लौकी 20 से 25 रुपये से 30-40 रुपये किलो तक पहुंच गई। 50 से 60 रुपये किलो में बिकने वाला कटहल 100 से 120 रुपये किलो तक बिका।
चिंता न करें, बाजार में भरपूर खाद्य सामग्री
व्यापारी नेता राजेंद्र अग्रवाल एवं भारत भूषण गुप्ता ने कहा कि जनता अफवाहों पर ध्यान न दे। खाद्य वस्तुओं की कोई कमी नहीं है। शुक्रवार एवं शनिवार को बाजार खुलेंगे। लोग जितना चाहे आटा, दाल, चावल, तेल, रिफाइंड, मसाला आदि खरीद सकते हैं।
सब्जी बुधवार गुरुवार
आलू 18-20 40-50
लौकी 20-25 30-40
भिंडी 30-40 100-120
कटहल 50-60 100-120
तोरई 40-50 80-100
टमाटर 15-20 30-40
कीमत प्रति किलो रुपये में
पेट्रोल पंप पर उमड़ी भीड़
प्रधानमंत्री के भाषण के बाद शहर के अधिकतर पंपों पर लोग पेट्रोल लेने पहुंच गए। लखनऊ विश्वविद्यालय के सामने, आईटी चौराहा, महानगर स्थित पेट्रोल पंप पर देर रात तक भीड़ लगी रही।