फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लॉकडाउन: दिल्ली-यूपी बॉर्डर पर पलायन करने वाले मजदूरों के लिए 1000 बसें उपलब्ध

Sun, 29 Mar 2020 10:35 AM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ
विज्ञापन
बॉर्डर पर जमा मजदूर - फोटो : एएनआई
विज्ञापन

दिल्ली से पांच लाख से ज्यादा लोग दो दिन में यूपी में दाखिल हो चुके हैं। उन्हें रोकने की तमाम कोशिशें काम न आने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 1000 बसें लगाकर उन्हें गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की है। शुक्रवार व शनिवार रात भर बसों से लोगों को उनके जिले पहुंचाया जाता रहा। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद इसकी मॉनिटरिंग करते रहे।

विज्ञापन


दरअसल, लॉकडाउन के चलते देशभर में लाखों प्रवासी मजदूर पैदल ही अपने घरों की ओर निकल पड़े हैं। अकेले दिल्ली से ही पांच लाख से ज्यादा लोग दो दिन में यूपी में दाखिल हो चुके हैं। शनिवार को भी दिल्ली से गाजियाबाद तक बच्चों को गोद में लिए व सामान सिर पर लादे लोगों की कतारें लगी रहीं। इससे लॉकडाउन विफल होने की आशंका बढ़ गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार-शनिवार की रात नोएडा, गाजियाबाद, बुलंदशहर, अलीगढ़, हापुड़ जैसे इलाकों से बसें लगाकर लोगों को गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था कराई।




मुख्यमंत्री के निर्देश पर परिवहन विभाग के अधिकारी, ड्राइवर और कंडक्टरों को नींद से जगाकर ड्यूटी पर भेजा गया। देर रात वे व्यवस्था की मॉनिटरिंग करते रहे। बसों की सूचना मिलते ही शनिवार सुबह बड़ी संख्या में लोग दिल्ली-यूपी की सीमा पर जुट गए, जिन्हें बसों से उनके घर भेजा गया। इसके बावजूद हजारों की संख्या में भीड़ जमा है। स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन

परिवहन मंत्री बोले, जिलों से आ रही मांग के अनुरूप बसें संचालित की जा रही हैं

लॉकडाउन के चलते दिल्ली-यूपी बॉर्डर पर फंसे प्रदेश के हजारों लोगों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए यूपी राज्य सड़क परिवहन की बसें रात भर दौड़ती रहीं। शुक्रवार को सड़कों पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा होने के बाद मुख्यमंत्री योगी के निर्देश पर परिवहन मंत्री अशोक कटारिया व निगम के प्रबंध निदेशक राजशेखर समेत अन्य अफसरों ने एक हजार बसों का इंतजाम किया।

परिवहन मंत्री ने कहा बताया कि इन लोगों को घरों तक पहुंचाने के लिए शुक्रवार रात से ही बसों को रवाना किया जा रहा है। शनिवार सुबह से कानपुर, बलिया, वाराणसी, गोरखपुर, आजमगढ़, अयोध्या, बस्ती, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, अमेठी, रायबरेली, गोंडा, इटावा, बहराइच, श्रावस्ती आदि जनपदों के लिए बसों का संचालन किया गया। उन्होंने कहा कि जिलों से आ रही मांग के अनुरूप ही बसें संचालित की जा रही हैं। निगम के प्रबंध निदेशक राजशेखर के मुताबिक अधिक मांग पश्चिम यूपी के जिलों से आ रही हैं।

डीजीपी भी रहे मौजूद
बड़ी संख्या में लोगों के लखनऊ पहुंचने पर डीजीपी हितेश चंद्र अवस्थी चारबाग बस स्टैंड पहुंचे और खाने-पीने की व्यवस्था कराई। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश से पैदल चलकर लोग लखनऊ पहुंचे हैं, जो खतरनाक है। सभी को संबंधित जिलों में भेजा जा रहा है। जिलों में इनकी स्क्रीनिंग की जाएगी। जो स्वस्थ होगा, उसे निगरानी में घरों को भेजा जाएगा। जिसमें कोरोना के लक्षण पाए जाते हैं, उन्हें जिलों के वार्डों में क्वारंटीन किया जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें