कोरोना संक्रमण को फैलाने, इसे छिपाने और लापरवाही बरतने के मामले में लखनऊ पुलिस ने 11 थानों में मुकदमे दर्ज किए हैं। लॉकडाउन के दौरान दर्ज इन 27 मुकदमों में 175 से ज्यादा लोगों को आरोपी बनाया गया है। इनमें 23 विदेशी, 5 मुतवल्ली व गाइड के अलावा, तब्लीगी जमात से जुड़े व स्थानीय लोग शामिल हैं। पुलिस इन मुकदमों में बनाए गए आरोपियों की लगातार निगरानी कर रही है।
ताजनगरी में कोरोना वायरस से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने अस्पतालों को तीन श्रेणियों में बांट दिया है। इनमें सामान्य दवा व बेड से लेकर वेंटिलेटर तक का इंतजाम है। इलाज के लिए सात आइसोलेशन सेंटर में 237 बेड और 20 वेंटिलेटर तैयार हैं। इनके अलावा आपात स्थिति में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन 200 वेंटिलेटर उपलब्ध कराएगा।
वाराणसी में पुलिस के जवान लॉकडाउन को सख्ती से लागू कराने में तो जुटे ही हुए हैं, साथ ही लोगों को लगातार इसके संक्रमण से बचने के संदेश भी दे रहे हैं। इसके लिए अलग-अलग तरह के तरीके अपनाये जा रहे हैं। गुरुवार को पुलिस के नेतृत्व में कोतवाली क्षेत्र के कई मोहल्लों में शायर निज़ाम बनारसी ने गजल व कलाम के जरिए लोगों को घरों में रहने और सैनिटाइजर के इस्तेमाल की अपील की।
पश्चिमी यूपी में लगातार बढ़ रही कोरोना के मरीजों की संख्या को देखते हुए मेरठ को रेड जोन में शामिल किया गया है। पूरे देश में रेड जोन में 170 जिलों को शामिल किया गया है। जिसमें मेरठ भी है। ऐसे में 20 अप्रैल के बाद भी यहां राहत के आसार नहीं दिख रहे हैं। लॉकडाउन के दूसरे चरण में मेरठ में आज सुबह सब्जी मंडी में काफी भीड़ रही, वहीं बैंकों के बाहर दस बजते ही लंबी कतारें लग गईं।
उन्नाव जिला निवासी एक 23 वर्षीय युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। यह युवक निजामुद्दीन की तब्लीगी जमात में शामिल हुआ था। फोन की लोकेशन के आधार पर दिल्ली से मिले खुफिया इनपुट के बाद इसे मंगलवार को सरस्वती मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन वॉर्ड में भर्ती कराया गया था।
गोरखपुर में कोरोना से निपटने के लिए कैथोलिक धर्म प्रांत द्वारा मुख्यमंत्री राहत कोष में पांच लाख रुपये का चेक दिया गया है। यह चेक फादर लोना और फादर जोजो ने गुरूवार को जिलाधिकारी के विजयेद्र पांडियन सौंपा।
बिजनौर जिले में सब्जी मंडी में कारोबारियों का ग्राफ घटा है। सब्जी व्यापारियों का कहना है की पहले ही लोगों के स्टॉक के कारण बाजार गिरने लगा है। वहीं लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों के बाइक सवारों के पुलिस खूब चालान काट रही है। इसके अलावा नजीबाबाद में पुलिस ने सुबह 9 बजे के बाद नगर में किराना और दूध की सभी दुकानें बंद करा दीं। नगीना क्षे़त्र के ग्राम बाकरपुर गढ़ी में लोगों ने मुख्य मार्ग बंद कर दिया है जिससे बाहरी लोग गांव में प्रवेश नहीं कर पाएं।
मुजफ्फरनगर में लॉकडाउन के दौरान छूट मिलने से कृषि की गतिविधियां बढ़ी हैं। आज सुबह स्पेयर पार्ट्स और इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानें खुलीं। साथ ही कृषि यंत्रों के मैकेनिकों की दुकानें भी खुलवाई गईं। इस सप्ताह जिले में गेहूं कटाई एवं थ्रेसिंग का काम जोर पकड़ेगा।
सहारनपुर में मौलाना साद के रिश्तेदारों पर केस दर्ज होने के बाद कोरोना संक्रमित मरीजों के संपर्क में आने वालों की तलाश जारी है। जांच में सामने आया है कि अभी तक मौलाना के रिश्तेदार सही जानकारी छिपा रहे थे। बताया गया कि ये निजामुद्दीन से आए थे, अन्य लोगों के संपर्क में भी रहे जिनकी तलाश जारी है। सहरानपुर मंडल के संवेदनशील घोषित होने के बाद अब लैब में सैंपलों का बोझ बढ़ने की संभावना है।
लॉकडाउन का दूसरा चरण शुरू होने के बाद दूसरे दिन कानपुर के बर्रा में दो सब्जी मंडी में एक भी ठेला नहीं लगा। वहीं शास्त्री चौक फल मंडी में भी दुकानें नहीं लगीं। वहीं गोविंद नगर थाना क्षेत्र के सीटीआई चौराहे पर ठेले वाले एक ही जगह पर खड़े होकर सामान बेचते दिखे। जिसके कारण यहां भीड़ भी लगी रही।
फिरोजाबाद में कोरोना वायरस के दो मामले और मिले हैं। अब संक्रमितों की संख्या 26 हो गई है। दोनों कोरोना मरीजों के संपर्क में आने से संक्रमित हुए हैं। दो दिन पहले इनके सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। सीएमओ डा. एसके दीक्षित ने बताया कि गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग को दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है।
बागपत जिले में लॉकडाउन में दूसरे दिन राशन वितरण के कारण दिक्कतें हुई। सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन किया गया। डीएम शकुंतला गौतम, एसपी प्रताप गोपेंद्र यादव ने खेकड़ा क्षेत्र का दौरा किया। आपको बता दें कि अब तक जिले में 14 पॉजिटिव केस मिल चुके हैं।
शामली जिले में लॉकडाउन में रोजाना की तरह आज सुबह दुकानें खुलीं और लोगों ने जरूरत का सामान खरीदा। लोगों ने राशन और सब्जी की खरीदारी की। लॉकडाउन का पालन कराने के लिए पुलिस तैनात रही। जनपद सील किए गए हॉटस्पॉट इलाकों में भी जरूरत का सामान वालियंटर्स की मदद से घरों में ही उपलब्ध कराया गया।
मेरठ में आज 106 लोगों की जांच रिपोर्ट आएगी। कोरोना की चेन तोड़ने की कोशिश लगातार जारी है। पॉजिटिव आए जमातियों के संपर्क में आने वाले लोगों की तलाश की जा रही है। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने के लिए शहर के वैशाली मैदान में सदर सब्जी मंडी शिफ्ट की गई है, लेकिन यहां मंडी नहीं लगी।
कोरोना संक्रमण को फैलाने, इसे छिपाने और लापरवाही बरतने के मामले में यूपी पुलिस ने 11 थानों में मुकदमे दर्ज किए हैं। लॉकडाउन के दौरान दर्ज इन 27 मुकदमों में 175 से ज्यादा लोगों को आरोपी बनाया गया है। इनमें 23 विदेशी, 5 मुतवल्ली व गाइड के अलावा, तब्लीगी जमात से जुड़े व स्थानीय लोग शामिल हैं। पुलिस इन मुकदमों में बनाए गए आरोपियों की लगातार निगरानी कर रही है।
उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के सबसे बड़े हॉटस्पॉट आगरा में संक्रमण के मामले थम नहीं रहे हैं। बुधवार को 19 और मरीज मिले हैं। जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने देर रात इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि जिले में अब कुल संक्रमितों की संख्या 167 हो गई है।
प्रदेश में केजीएमयू में कोरोना संक्रमण की जांच के लिए आज से पूल टेस्टिंग शुरू की जाएगी। आगरा के हॉटस्पॉट में बफर जोन से लिए नमूनों की पूल टेस्टिंग होगी। पांच-पांच नमूनों का पूल बनाया गया है। कुल 100 नमूने लिए गए हैं। हॉट स्पॉट के तीन किलोमीटर के रेड जोन के बाद के दो किलोमीटर के क्षेत्र को बफर जोन कहा जाता है। बफर जोन में रहने वाले सभी लोगों के नमूने लेकर जांच की जाएगी।
उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले में बुधवार की रात एक 70 साल के बुजुर्ग की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। संतकबीरनगर में यह पहला पॉजिटिव केस मिला है। जिसके बाद प्रशासन सकते में आ गया है।
उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में कोरोना पॉजिटिव 65 वर्षीय शख्स की गुरुवार सुबह 9:30 बजे इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक 10 अप्रैल को कोरोना पॉजिटिव मिला था। चार साल से डायलिसिस चल रही थीं। जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने युवक की मौत की पुष्टि की। आगरा में कोरोना वायरस से अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं प्रदेशभर में अब 13 लोगों की मौत हो चुकी है।
लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी में बुधवार को जांच किए गए 929 सैंपल की रिपोर्ट गुरुवार सुबह आई। जिसमें 21 पॉजिटिव रिपोर्ट आई है।
प्रदेश में नोवेल कोरोना वायरस पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 756 हो गई है। बुधवार को 86 नए मरीज सामने आए हैं। इनमें सबसे अधिक 31 पॉजिटिव लखनऊ के हैं। वहीं बुधवार को लखनऊ में एक मौत भी है। आगरा में भी 19 नए लोग संक्रमित पाए गए हैं। संक्रामक रोग निदेशालय के संयुक्त निदेशक डॉ. विकासेंदु अग्रवाल ने बताया कि बुधवार को लखनऊ में 31, आगरा में 19, हापुड़ में 7, फिरोजाबाद में 5, मेरठ और बिजनौर में 4-4, कानपुर में 3, कन्नौज, बदायूं, मुरादाबाद, बस्ती 2-2, सीतापुर, अमरोहा, जौनपुर, बुलंदशहर, संतकबीरनगर में 1-1 नए मरीज मिले हैं। अब तक कुल 12 मौतें प्रदेश में हो चुकी हैं।