फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Coronavirus in UP Live Updates: प्रदेश में 174 कोरोना वायरस संक्रमित, इनमें 47 जमाती, अब तक 19 डिस्चार्ज

Fri, 03 Apr 2020 10:58 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ

खास बातें

कोरोना वायरस का कहर देश में लगातार बढ़ता जा रहा है। उत्तर प्रदेश में भी संक्रमितों की संख्या में लगातार इजाफा होता जा रहा है। पिछले 24 घंटों में 47 नए कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। अब यूपी में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 174 हो गई है।
विज्ञापन
Coronavirus - फोटो : amar ujala
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:42 PM, 03-Apr-2020

गोरखपुरः बस्ती में मिले दो और कोरोना संक्रमित मरीज

गोरखपुर के बस्ती जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। अब तक बस्ती में पांच मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें एक शख्स की मौत चुकी है जबकि मृतक का दोस्त और उसकी मां और छोटा भाई भी अब संक्रमित पाया गया है। 

04:16 PM, 03-Apr-2020

कन्नौज: जुमे की नमाज अदा करने के लिए जुटी भीड़ को हटाने गए पुलिसकर्मियों पर पथराव

यूपी के कन्नौज जिले में जुमे की नमाज अदा करने के लिए जुटी भीड़ को हटाने गई पुलिस पर पथराव किया गया। जिसमें चौकी इंचार्ज समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। जानकारी मिलते ही कई थाने की फोर्स मौके पर पहुंच गई। 

03:56 PM, 03-Apr-2020

प्रतापगढ़ में मिले कोरोना के तीन मरीज

प्रतापगढ़ जिले में कोरोना के तीन मरीज मिलने से हड़कंप मच गया है। केजीएमसी में हुई जांच के बाद दिल्ली के निजामुद्दीन स्थित मरकज से लौटे तब्लीगी जमात से जुड़े तीन लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। तीनों पीडि़त देहरादून के रहने वाले हैं और धार्मिक प्रचार के सिलसिले में यहां आए थे। दिल्ली से लौटने के बाद तीनों रानीगंज तहसील क्षेत्र के नरसिंहगढ़ स्थित मस्जिद में रुके थे। 

विज्ञापन
03:34 PM, 03-Apr-2020

दुबई से लौटा आगरा का युवक कोरोना संक्रमित

आगरा जिले में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। शहर के जीवनी मंडी क्षेत्र में रहने वाले 35 वर्षीय युवक में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई है। एक अप्रैल को युवक के नमूने जांच को भेजे गए थे। जिसमें कोरोना की पुष्टि हुई है। इसके बाद उसे सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज (एसएन मेडिकल कॉलेज) में भर्ती कराया गया है। युवक 20 मार्च को दुबई से लौटा था। 

03:24 PM, 03-Apr-2020

इंसानों और जानवरों पर नहीं होगा सैनिटाइजर का छिड़काव

फायर सर्विसेज के डीजी आरके विश्वकर्मा ने कहा है कि किसी भी जानवर और इंसान पर सैनिटाइजर का छिड़काव नहीं होगा और न ही घरों में इसका छिड़काव किया जाएगा। साथ ही बिजली के उपकरण/तारों की उपस्थिति के कारण घरों/इमारतों के अंदर इसका छिड़काव किया जाएगा। 

विज्ञापन
02:59 PM, 03-Apr-2020

शाहजहांपुर में एक जमाती की रिपोर्ट पॉजिटिव

शाहजहांपुर में एक जमाती की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बताया गया कि वह निजामुद्दीन मकरज के जलसे में शामिल होकर 12 मार्च को शाहजहांपुर आया था। इसके बाद से शहर की एक मस्जिद में रुका हुआ था।

02:25 PM, 03-Apr-2020

पीएम मोदी की अपील पर अखिलेश ने अलग अंदाज में की टिप्पणी

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुक्रवार को की गई अपील पर अलग अंदाज में टिप्पणी की है। उन्होंने एक ट्वीट किया और शायराना अंदाज में दिलों में उजाले बनाए रखने की बात कही। हालांकि उन्होंने इस दौरान प्रधानमंत्री  या उनकी अपील को लेकर कुछ भी नहीं लिखा। लेकिन उनके द्वारा किये गए ट्वीट को पीएम के संबोधन से जोड़कर देखा जा रहा है। उन्होंने लिखा कि बाहर भी कम न होगी रोशनी, दिलों में उजाले बनाए रखिए।

आपको बता दें कि शुक्रवार सुबह नौ बजे पीएम मोदी ने अपने संदेश में देशवासियों से अपील करते हुए कहा कि कोरोना के अंधकार को प्रकाश की ताकत से हराने की आवश्यकता है। 

उस प्रकाश में, उस रोशनी में, उस उजाले में, हम अपने मन में ये संकल्प करें कि हम अकेले नहीं हैं, कोई भी अकेला नहीं है। 

130 करोड़ देशवासी, एक ही संकल्प के साथ कृतसंकल्प हैं
प्रधानमंत्री ने कहा कि पांच अप्रैल की रात नौ बजे सभी लोग घर की सभी लाइटें बंद करेंगे और चारों तरफ जब हर व्यक्ति एक-एक दीया जलाएगा, तब प्रकाश की उस महाशक्ति का एहसास होगा, जिसमें एक ही मकसद से हम सब लड़ रहे हैं।

01:51 PM, 03-Apr-2020

शिकोहाबाद में चार को कोरोना पॉजीटिव की पुष्टि

फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में संयुक्त चिकित्सालय के विशेष वार्ड में क्वारंटीन कराए गए तब्लीगी जमात से लौटे बिहार के सात जमातियों में से चार को कोरोना पॉजीटिव की पुष्टि हुई। सीएमओ डा.एसके दीक्षित ने लखनऊ से दोपहर डेढ़ बजे मिली जांच रिपोर्ट के बाद इस बात की पुष्टि की है।

01:47 PM, 03-Apr-2020

अलीगढ़ में मिला संदिग्ध मरीज

अलीगढ़ के गंगीरी गांव में कोरोना संक्रमित संदिग्ध मरीज मिलने की खबर है। बताया गया कि संदिग्ध युवक छह दिन पूर्व गुजरात से लौटकर आया था। उसे सूखी खांसी, गले में दर्द और सांस लेने में दिक्कत हो रही है। फिलहाल उसे आइसोलेशन में रखा गया है। छर्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ.अमनेंद्र यादव ने बताया कि पीड़ित युवक की जांच रिपोर्ट आने बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी और उसी आधार पर उसका इलाज किया जाएगा।

01:46 PM, 03-Apr-2020

झांसी: जूनियर डॉक्टर की रिपोर्ट निगेटिव

झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती सर्जरी विभाग के जूनियर डॉक्टर की रिपोर्ट निगेटिव आई है। पत्नी के कोरोना पॉजिटिव होने के बाद बुधवार को जूनियर डॉक्टर का सैंपल जांच के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज भेजा गया था।

01:41 PM, 03-Apr-2020

योगी सरकार ने दिया निर्देश

यूपी सरकार ने निर्देश दिए हैं कि गाजियाबाद के एमएमजी अस्पताल में भर्ती तब्लीगी जमात के मरीजों की देखभाल के लिए महिला स्वास्थ्यकर्मियों और महिला पुलिसकर्मियों को तैनात नहीं किया जाएगा। अस्पताल कर्मचारियों द्वारा तब्लीगी जमात के मरीजों की शिकायत किए जाने के बाद यह फैसला लिया गया है।

01:29 PM, 03-Apr-2020

स्वास्थ्यकर्मियों से मारपीट पर सीएम योगी सख्त

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाजियाबाद की घटना पर कहा है कि जो कानून को नहीं मानेंगे और ना व्यवस्था को मानेंगे ऐसे लोग मानवता के दुश्मन हैं। इन्होंने महिला स्वास्थ्यकर्मियों के साथ जो किया है, वह जघन्य अपराध है और इन पर रासुका (एनएसए) लगाया जा रहा है। हम इन्हें छोड़ेंगे नहीं।

12:48 PM, 03-Apr-2020

कानपुर में छह कोरोना संक्रमित मिले

कानपुर से बड़ी खबर आई है। दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज के तब्लीगी जमात से लौटे चार जमातियों समेत छह सदस्य कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। शुक्रवार सुबह लखनऊ से रिपोर्ट आने के बाद से शहर में खलबली मच गई।

जानकारी के अनुसरा दिल्ली से लौटे चार जमातियों को गुरुवार देर शाम हैलट के कोविड-19 हॉस्पिटल और उर्सला के आइसोलेशन वार्ड से नारायणा मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया था।

शुक्रवार को लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी से रिपोर्ट आने के बाद नारायणा से उन्हें हैलट के 100 बेड मैटरनिटी ब्लॉक में बनाए गए कोरोना आइसोलेशन वॉर्ड में भर्ती करने का आदेश दिया गया है।

12:35 PM, 03-Apr-2020

गुरुवार को लिए गए सैंपल की जांच रिपोर्ट आई

आपको बता दें कि गुरुवार को लिए गए सैंपल की जांच की गई थी। जिनमें से 34 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें जमाती और विदेश से आए लोग भी शामिल हैं। आइए आपको बताते हैं कि किस जिले में कितने संक्रमित मिले हैं-  

  • कानपुर के एलएलआरएच में भर्ती संदिग्धों में से छह लोगों की पॉजिटिव रिपोर्ट आई है। 
  • आगरा के एसएनएससी में भर्ती संदिग्धों में से आठ की पॉजिटिव रिपोर्ट आई है। 
  • लखनऊ के बलरामपुर अस्पताल में भर्ती संदिग्धों में से 12 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
  • आजमगढ़ के जीएमसी अस्पताल में भर्ती संदिग्धों में से चार लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव। 
  • प्रतापगढ़ जिला अस्पताल में भर्ती तीन की रिपोर्ट पॉजिटिव।
  • हरदोई जिला अस्पताल में भर्ती दो लोगों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव।
  • शाहजहांपुर में भर्ती एक शख्स की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव।
  • शिकोहाबाद में चार को कोरोना पॉजीटिव की पुष्टि

12:07 PM, 03-Apr-2020

पिछले 24 घंटों में 34 नए कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। इसकी पुष्टि किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के आइसोलेशन वार्ड प्रभारी डॉ. सुधीर सिंह ने की है। 
 

11:58 AM, 03-Apr-2020

गोरखपुर में मजिस्ट्रेट ने शॉपिंग मार्ट को किया सील

मूल्य तय किए जाने के बाद भी लॉकडाउन में लोगों की मजबूरी का फायदा उठाकर मनमानी कीमत वसूलने की शिकायतें आ रही हैं। गोरखपुर जिला प्रशासन ने रामगढ़ताल थाने से चंद कदमों की दूरी पर स्थित शॉपिंग मार्ट को सीज कर दिया है। मार्ट प्रबंधन के खिलाफ कई दिनों से अधिक दाम पर सामान बेचने की शिकायतें मिल रहीं थीं। निरीक्षण में यह बात सही पाई गई।

10:49 AM, 03-Apr-2020

चित्रकूट में दुकानों पर उमड़ी भीड़

यूपी के चित्रकूट जिले में लॉकडाउन के दौरान सुबह से सब्जी मंडी और दूध की दुकानों के पास भीड़ लग गई। भारी भीड़ देख पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया और भीड को वहां से हटाया गया।

09:45 AM, 03-Apr-2020

आगरा में छह लोगों में संक्रमण की पुष्टि

दिल्ली के निजामुद्दीन में आयोजित तब्लीगी जमात के कार्यक्रम से लौटे आगरा के छह लोगों में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनकी रिपोर्ट शुक्रवार सुबह आगरा प्रशासन को मिली है। जिले में अब तक कोरोना के 20 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें दो लोग गुरुग्राम के अस्पताल में भर्ती हैं।

09:29 AM, 03-Apr-2020

यूपी में 174 कोरोना वायरस संक्रमित, इनमें 47 जमाती, अब तक 19 डिस्चार्ज

प्रदेश में कोरोना वायरस पॉजिटिव की संख्या बढ़कर 174 हो गई है। निजामुद्दीन मरकज से लौटकर आए जमात के पॉजिटिव पाए गए 47 लोग इसमें शामिल हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर अब तक 1203 तब्लीगी जमात के लोगों की पहचान हुई है। इनमें से अब तक 897 लोगों के नमूने लिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने जमात केसभी लोगों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजने के निर्देश दिए हैं। उधर नोएडा के दो मरीज शुक्रवार को स्वास्थ्य लाभ लेने के बाद डिस्चार्ज कर दिए गए। अब डिस्चार्ज होने वाले पॉजिटिव लोगों की संख्या बढ़कर 19 हो गई है।

तब्लीगी जमात के लोगों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। उनके असहयोग के चलते प्रदेश में सामुदायिक स्तर पर कोराना वायरस संक्रमण के प्रवेश की संभावना बढ़ गई है। संक्रामक रोग निदेशालय के संयुक्त निदेशक डॉ. विकासेंदु अग्रवाल के अनुसार शुक्रवार तक नोवेल कोरोना वायरस (कोविड-19) से 16 जिले प्रभावित थे। अब 24 जिलों तक इस वायरस का संक्रमण फैल गया है। जमात के जो नए पॉजिटिव मिले हैं उनमें सहारनपुर के 12, कानपुर नगर के छह, मेरठ-आगरा 5-5, फिरोजाबाद-आजमगढ़ 4-4, शामली-जौनपुर-प्रतापगढ़ में 2-2, हापुड़, गाजीपुर, शाहजहांपुर, गाजियाबाद, हरदोई में एक-एक पॉजिटिव है। इस तरह प्रदेश में अब गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) में 50, मेरठ में 25, आगरा में 19, लखनऊ-गाजियाबाद में 10-10, कानपुर नगर में सात, शामली, जौनपुर, बुलंदशहर में तीन-तीन, बस्ती में पांच, पीलीभीत-वाराणसी में दो-दो, लखीपुर खीरी, मुरादाबाद, बागपत, बस्ती, हापुड़ में एक-एक पॉजिटिव हैं।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें