मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी ने लोगों से कोविड-19 के संकट के दौरान स्वयं की देखभाल व रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार के आयुष मंत्रालय की ओर से बताए गए उपायों को अपनाने की सलाह दी है।
उन्होंने समस्त मंडलायुक्तों व जिलाधिकारियों को इन उपायों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने का भी निर्देश दिया है। मुख्य सचिव ने कहा है कि कोविड-19 की कोई दवा अभी तक नहीं बनी है। ऐसे में शरीर को स्वस्थ बनाए रखने में प्राकृतिक रोग प्रतिरोधक प्रणाली की भूमिका महत्वपूर्ण है।
उन्होंने अफसरों को जारी पत्र में कहा है कि आयु व स्वास्थ्य से जुड़ा विज्ञान होने के साथ ही आयुर्वेद प्राकृतिक साधनों के प्रयोग पर बल देता है। रोगों से बचाव का आयुर्वेदिक पक्ष मुख्यत: दिनचर्या एवं ऋतुचर्या पर आधारित है।