लखनऊ। राजधानी में बृहस्पतिवार को विधानसभा अध्यक्ष, चिकित्सा शिक्षा मंत्री व कई वीवीआईपी सहित कुल 15,607 लोगों ने कोरोना की वैक्सीन लगवाई। टीका लगवाने वालों में बीमार व बुजुर्ग सबसे आगे रहे।
विज्ञापन
शहर के 93 केंद्रों पर सुबह 9 बजे से टीकाकरण शुरू हुआ। इसमें सरकारी संस्थानों के 70 केंद्रों के साथ 55 निजी केंद्रों पर टीका लगा। केजीएमयू में सुबह करीब 11 बजे चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना ने वैक्सीन की पहली डोज ली। उधर, विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने दोपहर करीब साढ़े तीन बजे सिविल अस्पताल में पहली डोज ली। आईपीएस विजय भूषण ने जियामऊ यूपीएचसी पर वैक्सीन की दूसरी डोज ली। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एमके सिंह ने बताया कि सरकारी केंद्रों पर 13628 व निजी केंद्रों पर 1979 को वैक्सीन लगी। इसमें 881 छूटे हेल्थ वर्करों ने पहली व 579 ने दूसरी डोज ली। 1759 बीमार व 4973 बुजुर्गों ने टीका लगवाया। इसी तरह 1088 फ्रंट लाइन वर्कर ने पहली व 6327 लोगों ने दूसरी डोज ली।