लखनऊ। कोरोना काल में दो-दो जवान बेटे खोने वाले सरोजनीनगर के कुरौनी गांव के बुजुर्ग दंपती की मदद के लिए प्रदेश सरकार के कानून मंत्री ब्रजेश पाठक आगे आए हैं। उन्होंने दंपती के घर पहुंच कर न सिर्फ आर्थिक सहायता की, बल्कि सरकार से भी हर संभव मदद दिलाने का भरोसा दिया है। अमर उजाला ने माई सिटी में ‘दुखों की बारिश से भीगीं इन गांवों की पगडंडियां’ शीर्षक से इस संबंध में खबर प्रकाशित कर इनकी पीड़ा उजागर की थी।
इसी के बाद कानून मंत्री सोमवार शाम ही अपनी पत्नी के साथ पीड़ित परिवार रमेश शुक्ला से मिलने उनके घर पहुंचे। उन्हें 11,000 रुपये व कोविड किट दी। इस किट में राशन के तौर पर गेहूं, चावल, आटा, दाल के साथ दो साडियां भी थीं। मंत्री ने परिवार को पेंशन के साथ बच्चों को शिक्षा दिलाने का भी आश्वासन दिया। साथ ही शासन से भी चलाई जा रही योजनाओं से मदद दिलाने का भरोसा दिया। मालूम हो कि रमेश शुक्ला के दिवंगत दोनों जवान बेटों संजीव शुक्ला और विकास शुक्ला की शादी हो चुकी है। दोनों की पत्नियां व दो-दो बच्चे भी हैं। अब इनकी जिम्मेदारी बुजुर्ग रमेश शुक्ला पर ही है।